प्यार का खौफनाक अंजाम: शादी का वादा बना साज़िश, मदद के नाम पर दूसरी दरिंदगी और मौत

शेयर करे

पारादीप। ओडिशा के पारादीप में सामने आई एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया है। भरोसे, रिश्ते और इंसानियत पर सवाल खड़े करने वाली इस वारदात में 23 वर्षीय युवती के साथ पहले उसके प्रेमी ने धोखा किया और फिर एक अजनबी ने मदद के नाम पर उसकी जिंदगी छीन ली।

शादी का सपना, लेकिन मिला धोखा

पुलिस के मुताबिक, युवती अपने प्रेमी के कहने पर घर से निकली थी। युवक ने उसे शादी का भरोसा दिलाकर मंदिर बुलाया था। लेकिन मंदिर ले जाने के बजाय वह उसे एक सुनसान स्थान पर ले गया, जहां उसने उसके साथ दुष्कर्म किया। वारदात के बाद आरोपी उसे बस स्टैंड पर अकेला छोड़कर फरार हो गया। जिस रिश्ते पर युवती ने भरोसा किया, वही उसके लिए सबसे बड़ा धोखा साबित हुआ।

मदद का झांसा और दूसरी दरिंदगी

जिसके बाद बस स्टैंड पर बेसहारा बैठी युवती को झारखंड से आए एक व्यक्ति ने देखा। उसने खुद को मददगार बताकर भरोसा जीता और उसे पारादीप स्थित अपने किराए के कमरे में ले गया। आरोप है कि वहां भी उसने युवती के साथ दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं, अपराध छिपाने के लिए आरोपी ने युवती को छत से नीचे फेंक दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। एक ही दिन में दो बार दरिंदगी और फिर हत्या, इस घटना ने मानवता को शर्मसार कर दिया है।

तीन दिन बाद दर्ज हुई गुमशुदगी

जानकारी के मुताबिक घटना 22 फरवरी को हुई थी। जब युवती घर नहीं लौटी तो 25 फरवरी को उसके भाई ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। जांच के दौरान पुलिस ने मामले की परतें खोलीं और दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच तेजी से की जा रही है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होगी।

राजनीतिक प्रतिक्रिया

इस घटना के बाद राज्य की राजनीति भी गरमा गई है। ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि राज्य में महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने हाल के महीनों में सामने आई अन्य जघन्य घटनाओं पर भी चिंता जताई।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *