भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा का बजट सत्र आज से शुरू हो रहा है, जो छह मार्च तक चलेगा। सत्र की शुरुआत राज्यपाल मंगू भाई पटेल के अभिभाषण से होगी, जबकि 2026-27 का बजट 18 फरवरी को डिजिटल स्वरूप में पेश किया जाएगा।
विधानसभा सचिवालय को सत्र के लिए कुल 3,478 प्रश्न नोटिस मिले हैं। इनमें 1,750 तारांकित, 1,728 अतारांकित सवाल, 236 ध्यानाकर्षण प्रस्ताव, 10 स्थगन प्रस्ताव और 83 शून्यकाल के लिए नोटिस शामिल हैं।
सत्र से पहले विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने राजभवन और सचिवालय के अधिकारियों के साथ पूरी तैयारियों की समीक्षा की है।
विपक्ष का हमला, कर्ज के मुद्दे पर घिर सकती है सरकार
विपक्ष के नेता उमंग सिंघार ने राज्य पर बढ़ते कर्ज और हाल ही में लिए गए 5,000 करोड़ के ऋण को लेकर सरकार को कठघरे में खड़ा किया है। सिंघार ने कहा कि मध्यप्रदेश देश के कुल कर्ज का लगभग 5 प्रतिशत अकेले उठा रहा है, जो चिंताजनक है। उन्होंने मोहन यादव सरकार से स्पष्ट वित्तीय रोडमैप की मांग की है।
मध्य प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र आज से, 18 फरवरी को होगा पेपरलेस बजट पेश


