Thursday, November 5, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsएमपी में पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल: 14 आईपीएस अफसर प्रशिक्षण पर...

एमपी में पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल: 14 आईपीएस अफसर प्रशिक्षण पर जाएंगे, सात जिलों के एसपी बदले

भोपाल: मध्य प्रदेश में 14 आईपीएस अधिकारियों के प्रशिक्षण पर जाने से पुलिस महकमे में प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। इनमें एक डीआईजी और सात जिलों के पुलिस अधीक्षक शामिल हैं। गृह विभाग ने अधिकारियों की अनुपस्थिति में उनके दायित्व संभालने के लिए वैकल्पिक कार्यभार का आदेश जारी किया है। नई व्यवस्था के तहत भोपाल, शहडोल, ग्वालियर, रायसेन, बड़वानी, आगर मालवा, अनूपपुर, मऊगंज और डिंडोरी समेत कई स्थानों पर अधिकारियों को अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है।

प्रशिक्षण 28वें मिड कॅरिअर ट्रेनिंग प्रोग्राम (एमसीटीपी) के फेज-III के तहत हैदराबाद स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी में आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण 20 नवंबर तक चलेगा। गृह विभाग ने अधिकारियों की रवानगी से पहले ही वैकल्पिक व्यवस्थाएं तय कर दी हैं, ताकि पुलिस प्रशासन का कामकाज प्रभावित न हो।

डीआईजी से लेकर पुलिस अधीक्षकों तक की जिम्मेदारी बदली

प्रशिक्षण अवधि में शहडोल रेंज के डीआईजी विवेक सिंह के स्थान पर पुलिस अधीक्षक शहडोल संजय कुमार अग्रवाल को अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया है। नगरीय पुलिस भोपाल के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त शैलेंद्र सिंह चौहान की जगह अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मोनिका शुक्ला कार्यभार संभालेंगी।

23वीं वाहिनी विसबल भोपाल के सेनानी प्रमोद कुमार सिन्हा के स्थान पर 25वीं वाहिनी के सेनानी नागेंद्र सिंह को जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, पुलिस अधीक्षक ग्वालियर धर्मवीर सिंह की अनुपस्थिति में 13वीं वाहिनी के सेनानी श्रुतकीर्ति सोमवंशी कार्यभार संभालेंगे।

मध्य प्रदेश पुलिस अकादमी भौंरी के उप निदेशक रामजी श्रीवास्तव के स्थान पर राज्य पुलिस सेवा की अधिकारी रश्मि पाण्डेय को जिम्मेदारी सौंपी गई है। पुलिस अधीक्षक रायसेन आशुतोष के स्थान पर रेल भोपाल के पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल कार्यभार देखेंगे।

भोपाल में भी वैकल्पिक व्यवस्था

पुलिस उपायुक्त जोन-2 भोपाल विकास कुमार सहवाल के प्रशिक्षण पर जाने के दौरान पुलिस उपायुक्त जोन-3 आयुष गुप्ता उनका कार्यभार संभालेंगे।

इसके अलावा मनीष खत्री के स्थान पर हेलेन सोनाली सूना को जिम्मेदारी दी गई है। रेल जबलपुर के पुलिस अधीक्षक सुंदर सिंह कनेश की जगह सिद्धार्थ चौधरी कार्यभार संभालेंगे।

यह भी पढ़ें: IND vs NZ 1st ODI: बारिश ने रोका भारत का विजय अभियान, 55 रन पर गिरा एक विकेट, DLS से बदला लक्ष्य

इन जिलों में भी नए अधिकारी संभालेंगे जिम्मेदारी

गृह विभाग के आदेश के अनुसार, पुलिस अधीक्षक बड़वानी पद्म विलोचन शुक्ला के स्थान पर सेनानी विनोद कुमार सिंह को जिम्मेदारी सौंपी गई है। पुलिस अधीक्षक आगर मालवा दिलीप कुमार सोनी की जगह सेनानी दीपक कुमार शुक्ला कार्यभार देखेंगे।

इसी तरह पुलिस अधीक्षक अनूपपुर विक्रांत मुराव के स्थान पर अंकित सोनी, पुलिस अधीक्षक मऊगंज सुरेंद्र कुमार जैन की जगह मनोहर सिंह मंडलोई और पुलिस अधीक्षक डिंडोरी आशीष खरे के स्थान पर सेनानी सुनील तिवारी को जिम्मेदारी दी गई है।

गृह विभाग ने सभी वैकल्पिक व्यवस्थाओं को तत्काल प्रभाव से लागू करने के निर्देश दिए हैं, जिससे प्रशिक्षण अवधि के दौरान पुलिस प्रशासन और कानून-व्यवस्था से जुड़े कार्यों का संचालन सुचारू रूप से जारी रह सके।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

1 to 7 November 2026
25 to 31 October 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन