महासमुंद: खैर लकड़ी के कथित अवैध कारोबार और फर्जी NOC के मामले की जांच में महासमुंद पुलिस के हाथ बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने आरोपी मनीष अग्रवाल के मुड़पार स्थित मकान में दबिश देकर 81 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। दरअसल मामला 23,350 किलो खैर लकड़ी के अवैध परिवहन से जुड़ा है, जिसमें परिवहन के लिए इस्तेमाल की गई NTPS NOC में कथित तौर पर फर्जीवाड़ा किया गया था। इसी मामले की जांच आगे बढ़ी तो आरोपी के ठिकाने की तलाशी के लिए न्यायालय से सर्च वारंट लिया गया। जहाँ 7 सितंबर को पुलिस टीम ने मुड़पार, सरसींवा स्थित मकान की तलाशी ली। तलाशी के दौरान एक थैले में 500-500 रुपये के नोटों की 162 गड्डियां मिलीं। गिनती करने पर रकम 81 लाख रुपये निकली।
पुलिस ने पूरी रकम को मौके पर जब्त किया
महासमुंद पुलिस ने पूरी रकम को मौके पर जब्त कर लिया है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी नकदी कहां से आई और इसका खैर लकड़ी के कथित अवैध कारोबार से क्या संबंध है।
नेटवर्क से जुड़े लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही
पुलिस के मुताबिक, जब्त रकम को अपराध से अर्जित संपत्ति मानते हुए BNSS की धारा 107 के तहत कुर्की की कार्रवाई शुरू की जा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है और पूरे नेटवर्क से जुड़े लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।

