भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार ने पुलिस प्रशासन में बड़ा बदलाव करते हुए 8 आईपीएस अधिकारियों समेत कुल 74 पुलिस अधिकारियों के तबादले किए हैं। गृह विभाग द्वारा जारी आदेश में कई अधिकारियों को नई पदस्थापनाएं और महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
सबसे चर्चित तबादलों में वर्ष 2022 बैच के आईपीएस अधिकारी आयुष जाखड़ का नाम शामिल है, जिन्हें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, जबलपुर पदस्थ किया गया है। वे इससे पहले शिवपुरी जिले के करेरा में एसडीओपी के रूप में कार्यरत थे। आयुष जाखड़ हाल ही में उस मामले को लेकर चर्चा में रहे थे, जिसमें भाजपा नेता प्रीतम लोधी के बेटे से जुड़े प्रकरण के बाद प्रशासनिक हलकों में हलचल देखी गई थी।
गृह विभाग के आदेश के अनुसार अन्य 2022 बैच के आईपीएस अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। ग्वालियर में पदस्थ अनु बेनिवाल को जबलपुर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। बालाघाट से ओमप्रकाश को इंदौर नगरीय पुलिस जोन-3 में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त के पद पर भेजा गया है।
इसी तरह करणदीप को उज्जैन, गौरव पाण्डेय को सतना, मिनी शुक्ला को भोपाल नगरीय पुलिस जोन-2, राज कृष्णा को इंदौर ग्रामीण के महू क्षेत्र और सुजावल जग्गा को ग्वालियर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के रूप में नई जिम्मेदारी दी गई है।


