सूरत। पर्वत पाटिया इलाके में स्थित राज टेक्सटाइल मार्केट में आज सुबह भयानक आग लगने की घटना सामने आई। जानकारी के मुताबिक आग सुबह 6:30 बजे के आसपास लगी, जिसकी शुरुआत मार्केट की लिफ्ट के केबल में शॉर्ट-सर्किट से हुई। देखते ही देखते आग इतनी तेजी से बढ़ी कि कुछ ही मिनटों में यह इमारत की ऊपरी मंजिलों में फैल गई। बता दें 20 से अधिक दुकानें आग की चपेट में आ गई है।
बताया जा रहा है कि आग मुख्य रूप से तीसरी, पांचवीं और नौवीं मंजिल पर ज्यादा भड़क उठी, जहां पॉलिएस्टर कपड़े का भारी स्टॉक जमा था। कपड़े की ज्वलनशील प्रकृति के कारण आग ने काफी कम समय में विकराल रूप धारण कर लिया। दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंची लेकिन पॉलिएस्टर कपड़ों के कारण आग पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है।
मौजूदा स्थिति
मौजूदा स्थिति के अनुसार आग पर अभी तक पूरी तरह से काबू नहीं पाया जा सका है। बता दें कि दमकलकर्मीयों को अंदर घुसने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, क्योंकि धुआं पूरी तरह से फैल गया है। स्थानीय पुलिस और दमकल कर्मियों ने इलाके को घेर लिया है, ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके और बचाव कार्य में बाधा न पड़े। फिलहाल किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन नुकसान काफी व्यापक बताया जा रहा है। जानकारी अनुसार कई दुकानें पूरी तरह खाक हो चुकी हैं, तो वही दुकानों के मालिक बाहर सड़क पर रोते-बिलखते नजर आए।


