मुंबई: नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायणम्’ रिलीज से पहले ही ग्लोबल स्तर पर बड़ा रिकॉर्ड बनाने की तैयारी में है। फिल्म को भारत में करीब 9 हजार स्क्रीन्स और अंतरराष्ट्रीय बाजार में लगभग 50 हजार स्क्रीन्स पर रिलीज करने की योजना बनाई गई है। अगर यह प्लान तय आंकड़ों के मुताबिक लागू होता है, तो यह किसी भारतीय फिल्म की अब तक की सबसे बड़ी ग्लोबल थिएट्रिकल रिलीज बन सकती है।
मेकर्स ने फिल्म का इंग्लिश लिप-सिंक ट्रेलर जारी किया है। इसके साथ ही फिल्म की अंतरराष्ट्रीय रिलीज के बड़े प्लान की जानकारी भी सामने आई है। भारत और विदेशों के प्रस्तावित स्क्रीन काउंट को मिलाकर फिल्म करीब 59 हजार ग्लोबल स्क्रीन्स तक पहुंच सकती है। हालांकि, अंतिम स्क्रीन संख्या रिलीज के समय बदल सकती है।
ये भी पढ़े
यश की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘टॉक्सिक’ का ट्रेलर हुआ रिलीज
‘पुष्पा 2’ और ‘RRR’ से काफी बड़ा रिलीज प्लान
अगर ‘रामायणम्’ का प्रस्तावित स्क्रीन काउंट लागू होता है, तो यह हाल की कई बड़ी भारतीय फिल्मों के ग्लोबल रिलीज स्केल को पीछे छोड़ देगी। ‘पुष्पा 2: द रूल’ करीब 12 से 13 हजार स्क्रीन्स पर रिलीज हुई थी, जबकि एसएस राजामौली की ‘RRR’ को दुनियाभर में लगभग 10 से 11 हजार स्क्रीन्स मिले थे। ऐसे में ‘रामायणम्’ की प्रस्तावित रिलीज इन फिल्मों की तुलना में कई गुना बड़े स्तर पर होगी।
फिल्म की इंटरनेशनल रिलीज का स्केल हॉलीवुड की बड़ी फिल्मों से भी तुलना में आ रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक,‘अवतार: द वे ऑफ वॉटर’ करीब 52 हजार स्क्रीन्स पर रिलीज हुई थी। ऐसे में ‘रामायणम्’ का संभावित स्क्रीन काउंट इसे वैश्विक स्तर पर एक अलग मुकाम पर पहुंचा सकता है।
50 भाषाओं में रिलीज की तैयारी
‘रामायणम्’ को दुनियाभर के दर्शकों तक पहुंचाने के लिए इसे करीब 50 भाषाओं में रिलीज करने की तैयारी है। फिल्म के इंटरनेशनल वर्जन के लिए नमित मल्होत्रा की कंपनी DNEG की एआई तकनीक ‘ब्रह्मा एआई’ का इस्तेमाल किया जा रहा है।
इंग्लिश लिप-सिंक ट्रेलर में इस तकनीक की झलक देखने को मिली है। इसमें कलाकारों की मूल आवाज को बरकरार रखते हुए अलग-अलग भाषाओं के संवादों को उनके होंठों की मूवमेंट के अनुसार सिंक किया गया है।
6 नवंबर को विदेशों में, 8 नवंबर को भारत में रिलीज
‘रामायणम्’ की ग्लोबल रिलीज को बड़े स्तर पर प्लान किया गया है। फिल्म को 6 नवंबर को अंतरराष्ट्रीय बाजार में रिलीज किया जाएगा, जबकि भारत में यह 8 नवंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।
फिल्म का निर्देशन नितेश तिवारी कर रहे हैं और इसके बड़े बजट, स्टारकास्ट, अत्याधुनिक तकनीक और ग्लोबल रिलीज प्लान के चलते इसे भारतीय सिनेमा की सबसे महत्वाकांक्षी फिल्मों में से एक माना जा रहा है।

