बेंगलुरु: साउथ सुपरस्टार यश की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘Toxic: A Fairytale for Grown-Ups’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है। लंबे समय से फिल्म के ट्रेलर का इंतजार कर रहे फैंस को बेंगलुरु में आयोजित एक इवेंट के दौरान इसकी पहली झलक देखने को मिली। ट्रेलर में यश बेहद अलग और डार्क अंदाज में नजर आ रहे हैं। फिल्म में वह राया और रूमी के डबल रोल में दिखाई देंगे।
गैंगस्टर की दुनिया पर आधारित है कहानी
‘टॉक्सिक’ एक गैंगस्टर एक्शन थ्रिलर है, जिसकी कहानी पुराने दौर की पृष्ठभूमि में सेट बताई जा रही है। फिल्म में अपराध, सत्ता और गैंगस्टर की दुनिया के बीच चलने वाली जंग को दिखाया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यश फिल्म में पिता और बेटे के दो किरदार निभा रहे हैं। ट्रेलर में हिंसा, रहस्य और डार्क विजुअल्स की भरमार है। खास बात यह है कि ट्रेलर देखने के बाद भी फिल्म की कहानी और इसके अंतिम ट्विस्ट को लेकर ज्यादा कुछ अंदाजा नहीं लगाया जा सकता।
कियारा आडवाणी के किरदार ने बढ़ाया रहस्य
कियारा आडवाणी की एंट्री होती है। वह सर्कस में काम करने वाली महिला के किरदार में दिखाई देती हैं। ट्रेलर में उनका किरदार दर्द और रहस्य से भरा नजर आता है। कियारा के किरदार को लेकर भी कई सवाल खड़े होते हैं, जिनका जवाब फिल्म में मिलने की उम्मीद है।
नयनतारा, हुमा और तारा के किरदार भी रहस्यमय
ट्रेलर में नयनतारा, हुमा कुरैशी, तारा सुतारिया और अक्षय ओबेरॉय की भी झलक देखने को मिलती है। हालांकि, सभी किरदारों की भूमिका को लेकर फिल्म निर्माताओं ने अभी पूरी जानकारी सामने नहीं रखी है। ट्रेलर में यश कई अलग-अलग लुक और अंदाज में नजर आते हैं। उनके किरदारों में बदलाव और कहानी में मौजूद रहस्य फिल्म को लेकर उत्सुकता बढ़ा रहे हैं।
यश के साथ नजर आएगी बड़ी स्टारकास्ट
‘टॉक्सिक’ की कहानी गीतू मोहनदास और यश ने मिलकर लिखी है। फिल्म में यश के अलावा नयनतारा, कियारा आडवाणी, रुक्मिणी वसंत, तारा सुतारिया और हुमा कुरैशी अहम भूमिकाओं में हैं। वहीं अक्षय ओबेरॉय, सुदेव नायर और अमित तिवारी भी फिल्म का हिस्सा हैं।
26 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होगी फिल्म
‘टॉक्सिक’ को लेकर फैंस के बीच लंबे समय से जबरदस्त उत्साह बना हुआ है। फिल्म का ट्रेलर रिलीज होने के बाद अब दर्शकों की नजर इसकी रिलीज पर है। ‘टॉक्सिक’ 26 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

