हरदा: मध्य प्रदेश के हरदा जिले में शनिवार को बड़ा हादसा होने से टल गया। टिमरनी क्षेत्र के ग्राम खुदिया स्थित शासकीय प्राथमिक शाला के भोजन कक्ष में अचानक आग लग गई। जिस समय आग लगी, उस दौरान स्कूल में करीब 265 बच्चे मौजूद थे। आग की चपेट में गैस सिलेंडर भी आ गया था, जिससे बड़ा खतरा पैदा हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही टिमरनी विधायक अभिजीत शाह मौके पर पहुंचे।
भोजन कक्ष में अचानक लगी आग
जानकारी के मुताबिक, आग लगते ही स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। आग वाले हिस्से में गैस सिलेंडर रखा था, जो लगातार गर्म हो रहा था। स्कूल में उस समय करीब 265 बच्चे मौजूद थे। ऐसे में सिलेंडर के फटने की आशंका से स्थिति और गंभीर हो गई थी।
ये भी पढ़े मुंबई में 22 फीट ऊंची गणेश प्रतिमा गिरी, 2 मौतें; 5 घायल
आग के बीच पहुंचे विधायक, सिलेंडर निकाला
घटना की जानकारी मिलते ही टिमरनी विधायक अभिजीत शाह मौके पर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने आग और धुएं के बीच स्कूल की रसोई में प्रवेश किया और गैस सिलेंडर को बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। इस दौरान उनका हाथ भी झुलस गया।
सभी 265 बच्चे सुरक्षित
सिलेंडर को बाहर निकालने के बाद आग पर काबू पाने की कार्रवाई शुरू की गई। अग्निशामक यंत्र और पानी की मदद से आग को नियंत्रित किया गया। घटना में स्कूल में मौजूद सभी 265 बच्चों के सुरक्षित होने की जानकारी सामने आई है।
बच्चों के सुरक्षित बाहर आने के बाद शिक्षकों, अभिभावकों और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। समय रहते गैस सिलेंडर को आग वाले स्थान से हटाने से संभावित बड़ा हादसा टल गया।
विधायक ने कहा- प्राथमिकता बच्चों की सुरक्षा थी
घटना के बाद अभिजीत शाह ने बताया कि उस समय उनका ध्यान अपनी सुरक्षा से ज्यादा स्कूल में मौजूद बच्चों पर था। उनका कहना था कि सामने सैकड़ों बच्चे थे और प्राथमिकता यही थी कि किसी भी बच्चे को नुकसान न पहुंचे।
घटना ने स्कूलों में अग्नि सुरक्षा और रसोई व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं। ऐसे स्थानों पर गैस सिलेंडर और अग्निशमन उपकरणों की सुरक्षित व्यवस्था को लेकर प्रशासन की जिम्मेदारी महत्वपूर्ण हो जाती है।

