रेडमंड, वॉशिंगटन: माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में पिछले दो दिनों से जारी वैश्विक तकनीकी व्यवधान अब खत्म हो गया है। कंपनी ने आउटलुक, माइक्रोसॉफ्ट 365 और अन्य सेवाओं को पूरी तरह बहाल करने की घोषणा की है। शनिवार सुबह कंपनी के सर्विस हेल्थ पेज पर सभी प्रभावित सेवाओं की स्थिति सामान्य बताई गई। इस आउटेज से दुनिया के 72 से अधिक देशों के यूजर्स प्रभावित हुए थे। कंपनी ने ग्राहकों और बिजनेस पार्टनर्स को हुई परेशानी के लिए माफी मांगी है।
साइबर हमला नहीं, नेटवर्क अपग्रेड में चूक
माइक्रोसॉफ्ट ने स्पष्ट किया कि सेवाओं में आई गड़बड़ी के पीछे किसी साइबर हमले, हैकिंग या एआई एजेंट की भूमिका नहीं थी। कंपनी के मुताबिक, नेटवर्क क्षमता बढ़ाने और अपग्रेड करने के दौरान हुई तकनीकी चूक इसकी वजह बनी। यह पुरानी समस्या हालिया बदलावों के बाद सामने आई और कई सेवाएं प्रभावित हो गईं।
कंपनी के कोपायलट, एजेंट्स और प्लेटफॉर्म के कार्यकारी उपाध्यक्ष चार्ल्स लामन्ना ने बताया कि खराबी ठीक करने के दौरान कैस्केडिंग फेलियर और थंडरिंग हर्ड जैसी तकनीकी चुनौतियां सामने आईं। इनके कारण सेवाओं को सामान्य करने में अपेक्षा से अधिक समय लगा।
एयरलाइंस से वित्तीय कंपनियों तक असर
इस आउटेज का सबसे ज्यादा असर आउटलुक ईमेल और एक्सचेंज ऑनलाइन पर पड़ा। यूजर्स डेस्कटॉप और वेब ऐप पर अपने ईमेल इस्तेमाल नहीं कर पा रहे थे। भारत में इंडिगो, एयर इंडिया और आकासा एयर जैसी विमानन कंपनियों के ग्राहक सहायता ईमेल सिस्टम भी प्रभावित हुए। वित्तीय क्षेत्र की कंपनियों को ग्राहकों से संपर्क करने और जरूरी रिसर्च रिपोर्ट देखने में परेशानी हुई।
दुनिया के 72 से अधिक देशों में इस तकनीकी खराबी का असर दिखाई दिया। डाउनडिटेक्टर पर एक लाख 30 हजार से अधिक शिकायतें दर्ज की गईं।
ये भी पढ़ें: इंदौर हाईकोर्ट ने 10 साल की सजा की रद्द, आरोपी को जिरह का मौका दिए बिना सुनाया था फैसला
लंबित ईमेल पर कंपनी की नजर
माइक्रोसॉफ्ट के मुताबिक, मुख्य सेवाएं बहाल हो चुकी हैं, लेकिन आउटेज के दौरान जमा हुए ईमेल बैकलॉग को पूरी तरह प्रोसेस करने का काम जारी है। कंपनी सिस्टम की लगातार निगरानी कर रही है, ताकि लंबित ईमेल सुरक्षित तरीके से अपने गंतव्य तक पहुंच सकें और सेवाओं की स्थिरता बनी रहे।
कंपनी इस घटना की विस्तृत तकनीकी विश्लेषण रिपोर्ट यानी पोस्टमॉर्टम भी जारी करेगी। इसमें गड़बड़ी की वजह, उसे ठीक करने के दौरान आई चुनौतियों और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए उठाए जाने वाले कदमों की जानकारी दी जाएगी।

