Thursday, November 26, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsसंविधान दिवस पर मोहन यादव का कांग्रेस पर हमला, बोले- कांग्रेस ने...

संविधान दिवस पर मोहन यादव का कांग्रेस पर हमला, बोले- कांग्रेस ने 90 से ज्यादा बार चुनी हुई सरकारें बर्खास्त की

भोपाल: मध्यप्रदेश विधानसभा में संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को आयोजित संविधान उत्सव-2026 में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में 90 से ज्यादा बार चुनी हुई सरकारों को बर्खास्त किया और करीब 100 बार संविधान के मूल भाव को तोड़ा-मरोड़ा। मुख्यमंत्री ने कहा कि संविधान की बात करने से पहले कांग्रेस को अपना इतिहास देखना चाहिए।

वहीं, संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने विपक्ष के प्रदर्शनों पर टिप्पणी करते हुए कहा कि लोकतंत्र में असहमति जरूरी है, लेकिन संविधान सड़क पर अराजकता फैलाने की अनुमति नहीं देता। उन्होंने कहा कि चौराहे पर संवाद की चुनौती देने वाले नेता संसद और विधानसभा में चर्चा से भागते हैं।

विधानसभा परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर और संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने संविधान गैलरी का उद्घाटन किया। सेंट्रल हॉल में संविधान पर आधारित विशेष प्रदर्शनी भी शुरू की गई। इस दौरान मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया। विधानसभा की पत्रिका ‘विधायिनी’ के संविधान विशेषांक का विमोचन भी हुआ।

सीएम बोले- कांग्रेस नेताओं के हाथ में संविधान देखकर याद आती है कहावत

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कांग्रेस नेताओं के संविधान की प्रति लेकर किए जा रहे विरोध पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस ने करीब 100 बार संविधान के मूल भाव को तोड़ा-मरोड़ा है। 90 से अधिक बार चुनी हुई सरकारों को बर्खास्त किया गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं के हाथ में संविधान की प्रति देखकर ‘चलनी कहे सूप से कि देख तेरे में छेद है’ वाली कहावत याद आती है।

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के इतिहास का उल्लेख करते हुए त्रिपुरी अधिवेशन का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस को कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद इस्तीफा देने के लिए मजबूर किया गया था।

उन्होंने धारा 370 हटाने और अयोध्या में भगवान श्रीराम के मंदिर निर्माण को संवैधानिक शक्तियों के उपयोग का उदाहरण बताया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनधन योजना और घर-घर शौचालय निर्माण का जिक्र करते हुए कहा कि गरीबों और महिलाओं को सम्मान के साथ जीने का अधिकार देना संविधान की मूल भावना के अनुरूप है।

विजयवर्गीय बोले- सड़क पर अराजकता की अनुमति नहीं देता संविधान

संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने विपक्ष के प्रदर्शनों पर निशाना साधते हुए कहा कि लोकतंत्र में असहमति जरूरी है, लेकिन संविधान सड़क पर अराजकता की अनुमति नहीं देता। उन्होंने कहा कि चौराहे पर संवाद की चुनौती देने वाले नेता संसद और विधानसभा में चर्चा से भागते हैं। विपक्ष को अपनी बात सदन में रखनी चाहिए।

विजयवर्गीय ने आपातकाल का जिक्र करते हुए कहा कि उस दौर में संविधान की आत्मा की हत्या की गई थी। उस समय सर्वे कंपनियां सरकार की वापसी का दावा कर रही थीं, लेकिन देश की जनता ने लोकतांत्रिक तरीके से सत्ता परिवर्तन कर दिया।

तोमर बोले- बलिदानों के बाद मिला संविधान, कर्तव्यों का भी करें पालन

विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि देश को संविधान तश्तरी में रखकर नहीं मिला है। स्वतंत्रता सेनानियों ने फांसी के फंदे चूमकर और बलिदान देकर आजादी दिलाई, जिसके बाद संविधान का निर्माण हुआ।

उन्होंने कहा कि नागरिकों में अधिकार पाने की लालसा तो दिखाई देती है, लेकिन कर्तव्यों के पालन के प्रति उतनी जागरूकता नहीं है। अधिकारों के साथ अपने कर्तव्यों को समझना भी जरूरी है। उन्होंने 2047 तक विकसित भारत बनाने के संकल्प को पूरा करने का आह्वान किया।

लोकायुक्त बोले- संविधान के मूल्य आम लोगों तक पहुंचना जरूरी

कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि लोकायुक्त न्यायमूर्ति सत्येंद्र कुमार सिंह ने कहा कि कोई भी संविधान कितना भी विस्तृत और समावेशी क्यों न हो, उसकी सफलता तभी संभव है, जब उसके मूल्य किताबों, विधिवेत्ताओं और न्यायालयों से निकलकर आम लोगों तक पहुंचें। उन्होंने महाभारत की पंक्ति ‘विधि रक्षति रक्षितः’ का उल्लेख करते हुए संवैधानिक व्यवस्था के संरक्षण पर जोर दिया।

ये भी पढे़ं: वॉट्सएप में नया फीचर: 14 दिन पहले शेड्यूल कर सकेंगे मैसेज, फोटो और वीडियो भी भेजने का मिलेगा विकल्प

संविधान गैलरी में दिखेगा मध्यप्रदेश की विभूतियों का योगदान

विधानसभा परिसर में तैयार संविधान गैलरी और सेंट्रल हॉल की प्रदर्शनी में संविधान निर्माण की प्रक्रिया, संविधान सभा के समूह चित्र और मध्यप्रदेश की विभूतियों के योगदान को प्रदर्शित किया गया है।

गैलरी में हरि विष्णु कामथ, सेठ गोविंद दास, पं. रविशंकर शुक्ल, डॉ. हरिसिंह गौर और घनश्याम सिंह गुप्त के योगदान को जगह दी गई है। संविधान की प्रस्तावना और अशोक स्तंभ के चित्रांकन से जुड़े व्यौहार राममनोहर सिन्हा और दीनानाथ भार्गव का भी उल्लेख किया गया है।

संविधान के प्रथम पृष्ठ पर अशोक स्तंभ का चित्र बनाने वाले प्रसिद्ध चित्रकार स्वर्गीय दीनानाथ भार्गव के बेटे को समारोह में सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न आयोगों के अध्यक्ष और सदस्य, विश्वविद्यालयों के कुलगुरु तथा अन्य गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

22 to 28 November 2026
15 to 21 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन