उज्जैन: 30 वर्षीय मोनिका सूर्यवंशी को बहादुरी और आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए 15 अगस्त को राष्ट्रपति भवन में सम्मानित किया जाएगा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू स्वतंत्रता दिवस के मौके पर मोनिका को अपने हाथों से सम्मान देंगी। मोनिका को राष्ट्रपति भवन से आमंत्रण भी मिल चुका है।
पंचकोशी यात्रा के दौरान बचाई 14 वर्षीय बच्ची की जान
अप्रैल 2026 में उज्जैन में पंचकोशी यात्रा के दौरान मोनिका की ड्यूटी क्षिप्रा नदी के श्रीराम घाट पर युवा आपदा मित्र के रूप में लगी थी। इसी दौरान स्नान करने पहुंचा एक परिवार हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बचा।
ये भी पढ़े
CM मोहन यादव ने राज्यपाल मंगुभाई पटेल से की मुलाकात, UCC समेत इन मुद्दों पर हुई चर्चा
14 वर्षीय बच्ची अचानक गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी। बच्ची को डूबता देख मोनिका ने तुरंत लाइफ जैकेट पहनी और बिना देर किए नदी में छलांग लगा दी। उन्होंने बच्ची को सुरक्षित बाहर निकालकर उसकी जान बचाई।
सात दिन की ट्रेनिंग के बाद मैदान में दिखाया साहस
मोनिका ने मार्च 2026 में सात दिवसीय युवा आपदा मित्र प्रशिक्षण पूरा किया था। इस दौरान उन्हें बाढ़, आग, भूकंप, खोज एवं बचाव तथा प्राथमिक उपचार का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के बाद उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर लोगों को आपदा से बचाव के तरीकों के बारे में जागरूक भी किया।
वर्तमान में मोनिका बाबा महाकाल की सवारी में ड्यूटी कर रही हैं। उन्होंने आगामी सिंहस्थ में भी आपदा प्रबंधन और राहत कार्यों में सेवा देने का संकल्प लिया है।
पिता के निधन के बाद संभाली परिवार की जिम्मेदारी
करीब तीन साल पहले मोनिका के पिता का निधन हो गया था। परिवार की बड़ी बेटी होने के कारण इसके बाद घर की जिम्मेदारियां भी उनके कंधों पर आ गईं। मोनिका ने बीसीए-सीएस की पढ़ाई की है और उनका सपना डिफेंस में जाने का था, लेकिन परिस्थितियों के कारण वह अपने इस सपने को पूरा नहीं कर सकीं। इसके बाद उन्होंने होमगार्ड युवा आपदा मित्र के रूप में देश और समाज की सेवा का रास्ता चुना।
देशभर के पांच युवा आपदा मित्रों में चयन
मध्य प्रदेश के 11 जिलों में शुरू किए गए युवा आपदा मित्र प्रशिक्षण के पहले चरण में उज्जैन से मोनिका का चयन हुआ था। प्रशिक्षण में उत्कृष्ट प्रदर्शन और क्षिप्रा नदी में बच्ची की जान बचाने के दौरान दिखाई गई बहादुरी के आधार पर देशभर से चुने गए पांच युवा आपदा मित्रों में उनका नाम शामिल किया गया है।
मध्य प्रदेश से मोनिका के अलावा हेमलता का भी चयन हुआ है। अन्य चयनित युवा नागालैंड, मिजोरम, उत्तराखंड और कर्नाटक से हैं।
15 अगस्त को राष्ट्रपति भवन में सम्मान
मोनिका को राष्ट्रपति भवन से आमंत्रण पत्र मिलने के बाद उज्जैन में खुशी का माहौल है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू उन्हें सम्मानित करेंगी। यह सम्मान मोनिका की बहादुरी के साथ-साथ आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में युवाओं की भूमिका को भी पहचान देगा।

