Saturday, June 13, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Homeमध्य प्रदेश15 से 18 जून के बीच मप्र में दस्तक देगा मानसून, कई...

15 से 18 जून के बीच मप्र में दस्तक देगा मानसून, कई जिलों में बारिश के आसार

भोपाल। दक्षिण-पश्चिम मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है और मौसम विभाग के अनुसार 15 से 18 जून के बीच इसके मध्यप्रदेश में प्रवेश करने की संभावना है। मानसून से पहले प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं। कई जिलों में आंधी, बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि का दौर जारी है।

मौसम विभाग ने शनिवार को भिंड, दतिया, छतरपुर, पन्ना और सागर जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज आंधी चलने और बारिश होने की चेतावनी जारी की है। वहीं प्रदेश के 33 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं का दौर बना रह सकता है।

दूसरी ओर, इंदौर, उज्जैन, नीमच, मंदसौर, रतलाम, झाबुआ, अलीराजपुर, धार, खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर, देवास, आगर-मालवा और शाजापुर समेत कई जिलों में मौसम साफ रहने और तेज धूप निकलने की संभावना जताई गई है।

श्योपुर में आंधी का कहर, चार लोगों की मौत

शुक्रवार को श्योपुर जिले में आई तेज आंधी ने भारी नुकसान पहुंचाया। रजपुरा गांव में तेज हवाओं के कारण एक दीवार गिरने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं जिले में ही आंधी के दौरान ऑटो पलटने से एक महिला की भी जान चली गई। इस तरह जिले में अलग-अलग हादसों में चार लोगों की मौत हुई।

जून में अब तक सामान्य से कम बारिश

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार जून महीने में अब तक प्रदेश में औसत से 23 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। पूर्वी मध्यप्रदेश के जबलपुर, रीवा, शहडोल और सागर संभागों में सामान्य से 55 प्रतिशत कम वर्षा हुई है, जबकि पश्चिमी हिस्से में औसत से करीब 2 प्रतिशत अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है।

कई जिलों में तापमान में गिरावट

आंधी और बारिश के कारण कई जिलों में तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। ग्वालियर में पारा 5.8 डिग्री गिरकर 36.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जबकि रीवा में 7.3 डिग्री और सतना में 6.6 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। दतिया, सिवनी और खजुराहो में भी तापमान में कमी देखी गई।

भोपाल में 15 जून तक गर्मी के आसार

राजधानी भोपाल में मानसून आने से पहले अगले कुछ दिनों तक गर्मी का असर बना रह सकता है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि 15 जून तक दिन में गर्मी महसूस होगी, हालांकि बीच-बीच में बादल और हल्की बारिश राहत दे सकती है। मानसून के प्रवेश के बाद प्रदेशभर में मौसम का मिजाज बदलने की संभावना है।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

Bhopal- 31 to 6 June 2026
Bhopal- 24 to 30 May 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन