भोपाल: मध्य प्रदेश में ढाई से तीन लाख आउटसोर्स कर्मचारियों की नौकरी पर संकट मंडरा रहा है। सरकार के एक आदेश के बाद 31 मार्च 2027 तक इन कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त करने की तैयारी है। इसमें बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा, पंचायत, नगरीय निकाय और अन्य विभागों में वर्षों से काम कर रहे कर्मचारी शामिल हैं। फैसले के विरोध में आउटसोर्स कर्मचारी 6 दिसंबर से प्रदेशव्यापी आंदोलन शुरू करेंगे। भोपाल में चिनार पार्क से बोर्ड ऑफिस चौराहे तक नौकरी बचाओ आंदोलन निकाला जाएगा।
10-15 साल से काम कर रहे कर्मचारी, अब बेरोजगारी का डर
अस्थायी आउटसोर्स कर्मचारी मोर्चा के अध्यक्ष वासुदेव शर्मा के मुताबिक, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को छोड़कर करीब ढाई से तीन लाख आउटसोर्स कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त करने की तैयारी है। इनमें बड़ी संख्या ऐसे कर्मचारियों की है, जो पिछले 10 से 15 साल से सरकारी विभागों और योजनाओं में काम कर रहे हैं। इन कर्मचारियों को दो से आठ हजार रुपये तक मासिक वेतन मिल रहा है। मोर्चे का कहना है कि लंबे समय तक कम वेतन पर काम लेने के बाद अब उन्हें नौकरी से हटाना अन्यायपूर्ण है। इनमें से ज्यादातर कर्मचारी उम्र की सीमा पार कर चुके हैं, ऐसे में उनके सामने दोबारा रोजगार पाने का संकट भी खड़ा होगा।
6 दिसंबर को भोपाल से आंदोलन की शुरुआत
मोर्चे के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. अमित जैन ने बताया कि 6 दिसंबर को भोपाल के चिनार पार्क से बोर्ड ऑफिस चौराहे तक विशाल नौकरी बचाओ आंदोलन किया जाएगा। कर्मचारी सेवाएं समाप्त करने के आदेश पर रोक लगाने और रोजगार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग करेंगे। उनका कहना है कि ये कर्मचारी लंबे समय से सरकारी व्यवस्था का हिस्सा हैं और कई विभागों का काम इनके भरोसे चल रहा है। नौकरी जाने से कर्मचारियों के साथ उनके परिवारों की आजीविका भी प्रभावित होगी।
2 से 10 हजार रुपये तक मिल रहा मानदेय
मोर्चे के पदाधिकारियों के मुताबिक, स्कूलों और छात्रावासों में काम करने वाले अंशकालीन चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को चार से पांच हजार रुपये मिलते हैं। पंचायतों में चौकीदार, पंप ऑपरेटर, भृत्य और सफाईकर्मियों का मानदेय दो से तीन हजार रुपये महीना है। वहीं, इंजीनियर के रूप में काम करने वाले आउटसोर्स कर्मचारियों को भी करीब आठ हजार रुपये मिल रहे हैं। कर्मचारियों की मांग है कि उन्हें हटाने के बजाय सम्मानजनक वेतन, सामाजिक सुरक्षा और नौकरी की गारंटी दी जाए।
यह भी पढ़ें: MP में अब बिना गुणवत्ता प्रमाण-पत्र नहीं बिकेगी शराब, 25 नवंबर से हर खेप की जांच अनिवार्य
वित्त विभाग के आदेश के बाद शुरू हुई कार्रवाई
आउटसोर्स कर्मचारियों की सेवा समाप्ति को लेकर वित्त विभाग ने 22 दिसंबर 2025 को आदेश जारी किया था। इसमें 31 मार्च 2027 तक सेवाएं समाप्त करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग ने 11 नवंबर को आदेश जारी कर इसे लागू करने की प्रक्रिया शुरू की। कर्मचारी संगठन इसी आदेश को वापस लेने की मांग कर रहा है।

