Monday, November 9, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsमध्यप्रदेश: ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले 9 पुलिसकर्मियों के परिवारों को...

मध्यप्रदेश: ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले 9 पुलिसकर्मियों के परिवारों को मिलेंगे 1-1 करोड़ रुपये

भोपाल। मध्यप्रदेश में ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले नौ पुलिसकर्मियों के परिवारों को राज्य सरकार एक-एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देगी। बुधवार, 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मौजूदगी में शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। साथ ही उनके परिजनों को सम्मानित कर आर्थिक सहायता, अनुकंपा नियुक्ति और अन्य स्वीकृत लाभ प्रदान किए जाएंगे।

सितंबर 2025 से अगस्त 2026 के बीच अलग-अलग घटनाओं में इन नौ पुलिसकर्मियों की मौत हुई थी। इनमें नक्सलियों से मुठभेड़, नदी में डूबने और सड़क हादसों में जान गंवाने वाले पुलिसकर्मी शामिल हैं।

राज्य सरकार ने वर्ष 2017 में ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले पुलिसकर्मियों के परिवारों को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की थी। इसी व्यवस्था के तहत इस बार नौ परिवारों को सहायता दी जाएगी।

नक्सलियों से मुठभेड़ में निरीक्षक की मौत

मृत पुलिसकर्मियों में निरीक्षक आशीष शर्मा भी शामिल हैं। छत्तीसगढ़ के कांकेर क्षेत्र के जंगलों में मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ की सीमा के पास नक्सलियों के साथ मुठभेड़ के दौरान उनकी जान चली गई थी। कर्तव्य निभाते हुए प्राण गंवाने वाले निरीक्षक शर्मा को पुलिस स्मृति दिवस पर श्रद्धांजलि दी जाएगी।

लापता बच्ची की तलाश में नदी में डूबे तीन पुलिसकर्मी

सितंबर 2025 में उज्जैन जिले के उन्हेल थाने में पदस्थ तीन पुलिसकर्मियों की शिप्रा नदी में डूबने से मौत हो गई थी। ये पुलिसकर्मी 14 वर्षीय लापता बच्ची की तलाश में मिले सुराग के आधार पर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी कार नदी में गिर गई।

इस दुर्घटना में उपनिरीक्षक आलोक शर्मा, सहायक उपनिरीक्षक मदनलाल निनामा और आरक्षक आरती पाल की मौत हो गई थी। तीनों पुलिसकर्मियों के परिवारों को भी एक-एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता और अन्य लाभ दिए जाएंगे।

सड़क हादसों में गई चार पुलिसकर्मियों की जान

ड्यूटी के दौरान सड़क दुर्घटनाओं में जान गंवाने वाले पुलिसकर्मियों में उमरिया के प्रधान आरक्षक ओमप्रकाश भावेदी, राजगढ़ के प्रधान आरक्षक सर्जन सिंह भील, सतना के आरक्षक विकास चतुर्वेदी और शहडोल के आरक्षक महेश पाठक शामिल हैं।

इसके अलावा, सागर जिले में बांदरी के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड की वैन की ट्रक से टक्कर हो गई थी। इस हादसे में प्रधान आरक्षक परिमल सिंह तोमर की मौत हो गई थी।

पुलिस स्मृति दिवस पर इन सभी नौ पुलिसकर्मियों के बलिदान को याद किया जाएगा। राज्य सरकार की ओर से उनके परिवारों को आर्थिक सहायता के साथ अनुकंपा नियुक्ति और नियमानुसार अन्य लाभ भी दिए जाएंगे।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

1 to 7 November 2026
25 to 31 October 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन