Tuesday, November 24, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsएमपी कैबिनेट के फैसले: 9 सहकारी बैंकों को 325 करोड़, चुनाव एक...

एमपी कैबिनेट के फैसले: 9 सहकारी बैंकों को 325 करोड़, चुनाव एक साल टले; 2027 युवा वर्ष घोषित

भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में सोमवार को हुई मध्यप्रदेश कैबिनेट की बैठक में सहकारिता, बिजली, खनिज, पर्यटन और युवाओं से जुड़े कई अहम फैसले लिए गए। सरकार ने नौ जिला सहकारी बैंकों को कुल 325 करोड़ रुपये की अंश पूंजी देने की मंजूरी दी है। वहीं पैक्स समितियों और जिला सहकारी बैंकों के चुनाव एक साल के लिए टाल दिए गए हैं। इसके अलावा वर्ष 2027 को युवा वर्ष के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया है।

कैबिनेट बैठक के बाद एमएसएमई मंत्री चैतन्य कुमार काश्यप ने फैसलों की जानकारी दी।

पांच बैंकों को 25-25 करोड़, चार को 50-50 करोड़

प्रदेश के नौ जिला सहकारी बैंकों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए सरकार अंश पूंजी उपलब्ध कराएगी। रीवा, सतना, दतिया, शिवपुरी और जबलपुर के जिला सहकारी बैंकों को 25-25 करोड़ रुपये दिए जाएंगे। वहीं रायसेन, मुरैना, सागर और सीधी के नए जिला सहकारी बैंकों को 50-50 करोड़ रुपये मिलेंगे।

इसके साथ ही पैक्स समितियों और जिला सहकारी बैंकों के चुनाव एक साल आगे बढ़ाने का फैसला लिया गया है। नई समितियों के गठन और परिसीमन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद चुनाव कराए जाएंगे। चूंकि पैक्स प्रतिनिधि ही जिला सहकारी बैंकों के चुनाव में मतदाता होते हैं, इसलिए दोनों चुनाव की प्रक्रिया आपस में जुड़ी हुई है।

खनिज से सालाना कमाई 30 हजार करोड़ करने का लक्ष्य

सरकार ने प्रदेश में खनिज से होने वाली सालाना आय को मौजूदा 12,170 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 30 हजार करोड़ रुपये करने का लक्ष्य तय किया है। इसके लिए प्रदेशभर में नए सिरे से खनिज सर्वे कराया जाएगा। खनिज निगम लिमिटेड पुराने आंकड़ों का विश्लेषण करने के साथ नई खदानों के विकास पर काम करेगा। इस पूरी प्रक्रिया पर हर साल 70 से 80 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।

46,500 घरों तक पहुंचेगी बिजली

ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली सुविधा से वंचित परिवारों को कनेक्शन देने के लिए 193 करोड़ रुपये की योजना को मंजूरी दी गई है। इसके तहत 20 से अधिक घरों वाली 1,834 बस्तियों के 46,500 घरों तक बिजली पहुंचाई जाएगी। इस योजना का खर्च केंद्र और राज्य सरकार मिलकर उठाएंगी। वहीं 20 से कम घरों वाली छोटी बस्तियों और मोहल्लों में राज्य सरकार अपने संसाधनों से विद्युतीकरण कराएगी।

दिसंबर में होंगे दो चिंतन शिविर

सरकार के तीन साल के कामकाज की समीक्षा और अगले दो साल की प्राथमिकताएं तय करने के लिए दिसंबर में दो चिंतन शिविर आयोजित किए जाएंगे। 2 दिसंबर को मुख्य सचिव की अध्यक्षता में वरिष्ठ अधिकारियों का नीति चिंतन शिविर होगा। इसमें आठ सत्रों के माध्यम से प्रदेश के विकास और 2047 तक विकसित मध्यप्रदेश बनाने के लक्ष्य पर चर्चा की जाएगी।

इसके बाद 21 और 22 दिसंबर को मंत्रियों और विधायकों का चिंतन शिविर आयोजित होगा। अधिकारियों के साथ होने वाली चर्चा के आधार पर आगामी दो साल की कार्ययोजना तैयार की जाएगी।

वहीं मध्यप्रदेश विधानसभा का शीतकालीन सत्र 7 से 11 दिसंबर तक चलेगा। इसमें अनुपूरक बजट और विभिन्न शासकीय संकल्प प्रस्तुत किए जाएंगे।

एकात्म धाम परियोजना को जारी रखने की मंजूरी

ओंकारेश्वर में 2,424 करोड़ रुपये की लागत से विकसित की जा रही एकात्म धाम परियोजना को जारी रखने की मंजूरी दी गई है। इसके मुख्य कार्य को आगामी सिंहस्थ से पहले पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

इसके अलावा मांडू, कान्हा-किसली और पेंच में जनजातीय कैफेटेरिया विकसित किए जाएंगे। इनके माध्यम से विदेशी पर्यटकों को स्थानीय खान-पान और जनजातीय संस्कृति से परिचित कराया जाएगा।

2027 युवा वर्ष, पीएससी की साल में दो परीक्षाओं की तैयारी

मध्यप्रदेश सरकार वर्ष 2027 को युवा वर्ष के रूप में मनाएगी। युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं के अवसर उपलब्ध कराने के लिए मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (एमपीपीएससी) की परीक्षाएं साल में दो बार आयोजित करने की तैयारी है। इसके लिए परीक्षा कैलेंडर भी जारी किया गया है।

वहीं भोपाल के नाथू बरखेड़ा में बन रहे अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम के पहले चरण का शुभारंभ हो चुका है। इस परियोजना पर करीब एक हजार करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।

आदिवासी उत्पादों को दिलाया जाएगा जीआई टैग

प्रदेश की जनजातीय कला और पारंपरिक उत्पादों को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए जीआई टैग की पहल की गई है। भील जनजाति की माला, बोलनी और पिथोरा चित्रशैली के साथ झाबुआ की आदिवासी गुड़िया तथा गोंड जनजाति के पारंपरिक वाद्य यंत्रों के लिए आवेदन किए गए हैं।

यह भी पढ़ें: लकड़ी पर उकेरे सपने, हुनर से लिख रहीं दुर्गा आत्मनिर्भरता की नई इबारत, 6 से 8 हजार रुपये की कमाई*

एचपीवी टीकाकरण में 100 प्रतिशत लक्ष्य हासिल

बेटियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए चलाए गए एचपीवी टीकाकरण अभियान में मध्यप्रदेश ने निर्धारित लक्ष्य का 100 प्रतिशत हासिल किया है। इसके साथ ही प्रदेश देश के शीर्ष पांच राज्यों में शामिल हो गया है।

कैबिनेट ने गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना को भी जारी रखने का निर्णय लिया है। इसके तहत प्रतिदिन छह लीटर से अधिक दूध देने वाली देसी नस्ल की गायों के पशुपालकों को ग्राम और ब्लॉक स्तर पर एक-एक लाख रुपये का पुरस्कार दिया जाता है। योजना का उद्देश्य देसी नस्ल की गायों के पालन को बढ़ावा देना है।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

15 to 21 November 2026
8 to 14 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन