भोपाल। मध्य प्रदेश में ठंड के बीच चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ मौसम का मिजाज बिगाड़ने आ रहा है। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय मौसम प्रणाली के प्रभाव से प्रदेश के 21 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने 20 और 21 नवंबर को कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश की चेतावनी दी है। बालाघाट और डिंडौरी में भारी बारिश का अनुमान है। इन जिलों में ढाई से साढ़े चार इंच तक पानी गिर सकता है।
मौसम का सबसे ज्यादा असर जबलपुर, रीवा और शहडोल संभाग में देखने को मिल सकता है। इसके अलावा नर्मदापुरम और इंदौर संभाग के कुछ जिलों में भी मौसम बिगड़ने के आसार हैं। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। बारिश के चलते दिन के तापमान में भी उतार-चढ़ाव होगा।
20 नवंबर से बदलेगा मौसम, 21 को 21 जिलों में अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, 20 नवंबर को शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला, सिवनी और बालाघाट में हल्की बारिश हो सकती है। अगले दिन यानी 21 नवंबर को इसका दायरा बढ़ने का अनुमान है।
इस दिन मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, मैहर, कटनी, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, जबलपुर, मंडला, सिवनी, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, खंडवा, बुरहानपुर और खरगोन में आंधी-बारिश की संभावना है। तेज हवाओं और बिजली चमकने के साथ बारिश लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती है।
शहडोल में पारा 10 डिग्री से नीचे, रातें हो रहीं सर्द
एक ओर बारिश की आहट है, तो दूसरी ओर प्रदेश में ठंड ने भी दस्तक तेज कर दी है। शहडोल के कल्याणपुर में न्यूनतम तापमान 9.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। कटनी के करौंदी में पारा 10.9, दमोह में 12, नौगांव में 12.2, उमरिया में 13.1 और पचमढ़ी में 13.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
छिंदवाड़ा और जबलपुर में न्यूनतम तापमान 13.6 डिग्री दर्ज किया गया। भोपाल, खजुराहो और ग्वालियर में यह करीब 13 डिग्री रहा। मंडला में 14, सतना और सीधी में 14.2, बैतूल में 14.3 तथा मलाजखंड में 14.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
पहाड़ों की बर्फबारी से एमपी में बढ़ेगी ठिठुरन
कश्मीर और उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी का असर अब मैदानी क्षेत्रों में भी दिखाई देने लगा है। उत्तर से आ रही ठंडी हवाओं के कारण मध्य प्रदेश में रात का तापमान लगातार नीचे जा रहा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में ठंड और जोर पकड़ सकती है। भोपाल में 16-17 नवंबर की रात न्यूनतम तापमान 13.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
नवंबर के दूसरे पखवाड़े में बढ़ती है सर्दी
मौसम विभाग के पिछले 10 वर्षों के आंकड़े बताते हैं कि नौ वर्षों में नवंबर के दूसरे पखवाड़े के दौरान प्रदेश में ठंड का असर तेज हुआ है। इस बार भी 20 नवंबर के बाद तापमान में गिरावट आने की संभावना है।
ग्वालियर-चंबल संभाग में उत्तरी हवाओं का असर अपेक्षाकृत अधिक रहता है। ऐतिहासिक रिकॉर्ड के मुताबिक, ग्वालियर में नवंबर के दौरान न्यूनतम तापमान 3 डिग्री और उज्जैन में 2.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। भोपाल, इंदौर और जबलपुर में नवंबर के दौरान बारिश का रिकॉर्ड भी रहा है। इस बार महीने के तीसरे और चौथे सप्ताह में सक्रिय हो रही मौसम प्रणालियों के कारण बारिश के आसार बन रहे हैं।

