Wednesday, November 11, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsजीतू पटवारी के भाई नाना पटवारी हिरासत में, ड्रग्स नेटवर्क जांच में...

जीतू पटवारी के भाई नाना पटवारी हिरासत में, ड्रग्स नेटवर्क जांच में इंदौर पुलिस की कार्रवाई

कांग्रेस ने लगाए राजनीतिक प्रतिशोध के आरोप

इंदौर। मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के भाई नाना पटवारी को इंदौर पुलिस ने ड्रग्स नेटवर्क से जुड़ी जांच के सिलसिले में हिरासत में लिया है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस ने इसे राजनीतिक प्रतिशोध बताते हुए भाजपा सरकार पर सत्ता का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, राजेंद्र नगर थाना पुलिस ने हाल ही में दो कथित ड्रग पैडलरों को गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने नाना पटवारी से संबंध होने की बात कही। इसके बाद पुलिस ने उन्हें पूछताछ के लिए थाने बुलाया और हिरासत में लिया।

नाना पटवारी पर पहले से दर्ज हैं कई मामले

नाना पटवारी के खिलाफ पहले से विभिन्न मामलों में केस दर्ज हैं। इनमें हत्या के प्रयास और जमीन विवाद से जुड़े प्रकरण शामिल हैं। इसके अलावा, तेजाजी नगर थाना क्षेत्र में धोखाधड़ी और धमकी देने के आरोपों में भी उनके खिलाफ मामला दर्ज हो चुका है।

जीतू पटवारी ने लगाया राजनीतिक बदले का आरोप

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए सोशल मीडिया पर कहा कि उनके भाई को बिना पूर्व सूचना के हिरासत में लिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार राजनीतिक विरोध की आवाज दबाने के लिए कानून का इस्तेमाल कर रही है।

पटवारी ने कहा कि उन्होंने हाल ही में भ्रष्टाचार और उज्जैन भूमि मामले को लेकर आंदोलन की घोषणा की थी, जिसके बाद उनके परिवार को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि यह कार्रवाई राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित है।

विवेक तन्खा ने भी उठाए सवाल

राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा ने भी इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए सोशल मीडिया पर लिखा कि इंदौर पुलिस ने बिना सूचना दिए नाना पटवारी को हिरासत में लिया। उन्होंने सवाल उठाया कि परिवार को यह भी नहीं बताया गया कि उन्हें कहां ले जाया गया है। तन्खा ने कहा कि पुलिस को ऐसी कार्यप्रणाली से बचना चाहिए, जो भविष्य में गलत परंपरा बन सकती है।

पहले भी हो चुकी है गिरफ्तारी

यह पहली बार नहीं है जब नाना पटवारी पुलिस कार्रवाई का सामना कर रहे हैं। पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान भी उन्हें सात साल पुराने हत्या के प्रयास के एक मामले में गिरफ्तार किया गया था। इसके अलावा, पिछले वर्ष जमीन विवाद से जुड़े धोखाधड़ी और धमकी के मामले में भी उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई थी।

फिलहाल पुलिस ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े मामले में उनसे पूछताछ कर रही है। मामले की जांच जारी है।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

8 to 14 November 2026
1 to 7 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन