भोपाल: मध्य प्रदेश में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। प्रदेश के पूर्वी हिस्से में तेज बारिश के बाद मंदाकिनी और नर्मदा नदियां उफान पर हैं। कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं, बरगी और कुटनी बांधों के गेट खोलकर पानी छोड़ा जा रहा है।
9 जिलों में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने शिवपुरी, गुना, राजगढ़, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, सागर, दमोह और नर्मदापुरम में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा भोपाल, उज्जैन, ग्वालियर, श्योपुर, भिंड, दतिया, पन्ना, सतना, रीवा, अशोकनगर, विदिशा, रायसेन, छिंदवाड़ा, बैतूल, सीहोर, शाजापुर, देवास, आगर-मालवा और मंदसौर में भारी बारिश की चेतावनी है।
नदियों का जलस्तर बढ़ा, कई जगह बाढ़ का खतरा
चित्रकूट में मंदाकिनी नदी का जलस्तर 138.52 मीटर तक पहुंच गया है और यह खतरे के निशान के करीब है। बाढ़ की आशंका को देखते हुए एसडीईआरएफ ने करीब 100 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। छतरपुर में सभी स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है, जबकि मैहर में पुलों के ऊपर से पानी बहने के कारण मुकुंदपुर मार्ग बंद रहा।
मंडला में नर्मदा का जलस्तर 436.1 मीटर दर्ज किया गया है। जबलपुर में बरगी बांध 93.33 प्रतिशत भर चुका है। इसके बाद बांध के पांच गेट करीब एक मीटर तक खोले गए हैं। इससे नर्मदा के घाटों पर जलस्तर करीब चार फीट बढ़ने की संभावना है।
अब तक 29.2 इंच बारिश, सामान्य से 8 फीसदी कम
प्रदेश में अब तक 741.2 मिलीमीटर यानी 29.2 इंच बारिश दर्ज की गई है। यह सामान्य 31.8 इंच के मुकाबले करीब 2.6 इंच कम है। प्रदेश में कुल बारिश सामान्य से 8 प्रतिशत कम है। पूर्वी हिस्से में बारिश की कमी घटकर सिर्फ 1 प्रतिशत रह गई है, जबकि पश्चिमी हिस्से में औसत से 17 प्रतिशत कम बारिश हुई है।
सितंबर की शुरुआत में सक्रिय हुआ मौसम सिस्टम
जून में प्रदेश में सामान्य से 14 प्रतिशत कम बारिश हुई थी। जुलाई और अगस्त में अच्छी बारिश से स्थिति में सुधार आया, लेकिन जून की कमी पूरी नहीं हो सकी। अब सितंबर की शुरुआत में सक्रिय मौसम प्रणाली के कारण पूर्वी मध्य प्रदेश में बारिश का दौर तेज हुआ है। 4 और 5 सितंबर को बारिश की गतिविधियां बढ़ने के बाद 6-7 सितंबर को ग्वालियर-चंबल संभाग में भी तेज बारिश का अनुमान है।
21 जिलों में सामान्य से ज्यादा बारिश
इस मानसून सीजन में अनूपपुर, छतरपुर, मैहर, मंडला, मऊगंज, निवाड़ी, पन्ना, सतना, शहडोल, सीधी, सिंगरौली, उमरिया, भिंड, भोपाल, बुरहानपुर, दतिया, गुना, ग्वालियर, खरगोन, राजगढ़ और शिवपुरी में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है।

