Tuesday, November 24, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsमध्यप्रदेश में बढ़ी ठंड, पारा 7.2 डिग्री पहुंचा; 22 नवंबर तक 10...

मध्यप्रदेश में बढ़ी ठंड, पारा 7.2 डिग्री पहुंचा; 22 नवंबर तक 10 जिलों में बारिश का अलर्ट

भोपाल। मध्यप्रदेश में मौसम ने एक साथ दो रंग दिखाने शुरू कर दिए हैं। उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी से आ रही सर्द हवाओं ने प्रदेश में ठिठुरन बढ़ा दी है। रात का तापमान गिरकर 7.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। कटनी के करौंदी में प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया, जबकि भोपाल और जबलपुर समेत सात शहरों में पारा 10 डिग्री से नीचे चला गया। मैदानी शहरों में ठंड का असर ऐसा है कि प्रदेश के इकलौते हिल स्टेशन पचमढ़ी की रात भी भोपाल और जबलपुर से ज्यादा गर्म रही।

इधर, बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान के प्रभाव से प्रदेश के मौसम में एक बार फिर बदलाव के संकेत हैं। मौसम विभाग ने 20 से 22 नवंबर तक पूर्वी मध्यप्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ आंधी और बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। ऐसे में प्रदेश के लोगों को अगले तीन दिन सर्दी के साथ बेमौसम बारिश का सामना करना पड़ सकता है।

पचमढ़ी से भी ठंडे हुए भोपाल और जबलपुर

प्रदेश में रात के तापमान में गिरावट का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि कई मैदानी शहरों में पारा पचमढ़ी से नीचे पहुंच गया है। पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि भोपाल और जबलपुर में तापमान 10 डिग्री से नीचे रहा। कटनी के करौंदी में सबसे कम 7.2 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।

अन्य शहरों में दमोह और खजुराहो में 10 डिग्री, मलाजखंड में 10.1, रायसेन में 10.5, दतिया में 10.8, मंडला में 11, नौगांव में 11.2, ग्वालियर में 11.5, सतना में 11.7 और सागर में 11.9 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ।

इसके अलावा छिंदवाड़ा, गुना, श्योपुर, सीधी, धार, उज्जैन, नरसिंहपुर, टीकमगढ़, इंदौर, सिवनी और बैतूल में भी रात का तापमान 15 डिग्री से नीचे बना हुआ है। मौसम के इस बदले मिजाज के कारण सुबह और देर रात ठंड का असर अधिक महसूस किया जा रहा है।

चक्रवाती तूफान से बदलेगा मौसम, पूर्वी एमपी में बारिश के आसार

एक तरफ ठंडी हवाएं प्रदेश में सर्दी बढ़ा रही हैं, वहीं दूसरी तरफ बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान का असर मौसम का मिजाज बदल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार 20 से 22 नवंबर के बीच पूर्वी मध्यप्रदेश के कई जिलों में बादल छाने, गरज-चमक और बारिश की स्थिति बन सकती है।

हालांकि, तूफान के कमजोर पड़ने के कारण भारी बारिश की संभावना कम है, लेकिन कुछ स्थानों पर तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसका असर खासतौर पर विंध्य और महाकौशल अंचल के जिलों में दिखाई देने की संभावना है।

तीन दिन इन जिलों में आंधी-बारिश का अनुमान

20 नवंबर: मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, उमरिया, शहडोल, डिंडौरी, अनूपपुर, मंडला, सिवनी और बालाघाट में बारिश की संभावना है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

21 नवंबर: रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, उमरिया, शहडोल, अनूपपुर, डिंडौरी और मंडला में आंधी और बारिश का अनुमान है।

22 नवंबर: रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, उमरिया, शहडोल, डिंडौरी और अनूपपुर में बारिश हो सकती है।

ठंड और बारिश से बढ़ सकती हैं मुश्किलें

मौसम के दोहरे बदलाव का असर आम जनजीवन के साथ खेती-किसानी पर भी पड़ सकता है। रात के तापमान में गिरावट से जहां सुबह-शाम ठिठुरन बढ़ेगी, वहीं बारिश और तेज हवाओं से खुले में रखी फसलों तथा कृषि उपज को नुकसान की आशंका रह सकती है। किसानों को मौसम के पूर्वानुमान को ध्यान में रखते हुए कटाई और उपज के भंडारण संबंधी सावधानियां बरतने की जरूरत है।

 

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

15 to 21 November 2026
8 to 14 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन