Friday, November 20, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsMP Weather Update: 20 नवंबर से बदलेगा मौसम, 9 जिलों में बारिश...

MP Weather Update: 20 नवंबर से बदलेगा मौसम, 9 जिलों में बारिश का अलर्ट

भोपाल। मध्य प्रदेश में सर्दी के बीच मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान के असर से 20 नवंबर को प्रदेश के नौ जिलों में आंधी और बारिश की संभावना है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम में बदलाव के बाद प्रदेश में ठंड का असर और बढ़ने के आसार हैं। वहीं, भोपाल और इंदौर समेत कई शहरों में सुबह के समय धुंध छाने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बना डीप डिप्रेशन आगे बढ़कर चक्रवाती तूफान में तब्दील हो रहा है। 17 नवंबर को इसके मध्य-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी के ऊपर प्रचंड चक्रवाती तूफान का रूप लेने की संभावना है। इस मौसमी प्रणाली का असर 20 नवंबर से मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में दिखाई दे सकता है।

इन 9 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

20 नवंबर को प्रदेश के पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में मौसम का ज्यादा असर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने उमरिया, शहडोल, अनूपपुर, डिंडोरी, मंडला, बालाघाट, सिवनी, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा में बारिश की संभावना जताई है। इन जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। आंधी और बारिश के कारण तापमान में भी बदलाव आने के आसार हैं।

भोपाल-इंदौर में पचमढ़ी से ज्यादा ठंडी रात

राजधानी भोपाल में सोमवार शाम चार बजे के बाद मौसम में बदलाव देखने को मिला। आसमान में बादल छाने के साथ धुंध का असर भी दिखाई दिया। रात के तापमान में गिरावट के बीच भोपाल और इंदौर में न्यूनतम तापमान 13.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोनों शहरों में रात का तापमान प्रदेश के हिल स्टेशन पचमढ़ी से भी कम रहा। पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान 14.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

करौंदी प्रदेश में सबसे ठंडा

प्रदेश में रात के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। कटनी जिले के करौंदी में न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो प्रदेश में सबसे कम है। अमरकंटक में 11.8, कल्याणपुर में 12.1, दमोह में 12.4 और छिंदवाड़ा में 13 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

इसके अलावा नौगांव में 13.5, मलाजखंड में 13.6 और उज्जैन में 14.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा। प्रदेश के 17 शहरों में रात का पारा 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच चुका है।

पहाड़ों की बर्फबारी और उत्तरी हवाओं से बढ़ेगी ठिठुरन

कश्मीर और उत्तराखंड के कई इलाकों में बर्फबारी का दौर जारी है। वहीं, राजस्थान में चक्रवाती गतिविधियों के प्रभाव से हल्की बारिश दर्ज की गई है। उत्तर भारत में बदलते मौसम का असर मध्य प्रदेश में भी दिखाई दे रहा है। आने वाले दिनों में उत्तरी हवाओं के प्रभाव से रात के तापमान में और गिरावट आने की संभावना है। इससे प्रदेश के कई इलाकों में ठंड और बढ़ सकती है।

 

 

 

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

15 to 21 November 2026
8 to 14 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन