Friday, November 20, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsएमपी में बढ़ी ठिठुरन, 20 शहरों में पारा 15 डिग्री से नीचे;...

एमपी में बढ़ी ठिठुरन, 20 शहरों में पारा 15 डिग्री से नीचे; पांच दिन और गिरेगा तापमान

भोपाल। उत्तर भारत के पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का असर अब मध्य प्रदेश में दिखने लगा है। प्रदेश में रात के तापमान में लगातार गिरावट आ रही है। भोपाल, इंदौर समेत 20 शहरों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों में रात के तापमान में करीब दो डिग्री की और गिरावट का अनुमान जताया है। इससे नवंबर के दूसरे पखवाड़े में ठंड और तीखे तेवर दिखा सकती है।

प्रदेश में बीती रात सबसे कम 10.8 डिग्री तापमान कटनी के करौंदी में दर्ज किया गया। शहडोल के कल्याणपुर में न्यूनतम तापमान 11.1 और शाजापुर के गिरवर में 11.2 डिग्री रहा। इंदौर और दमोह में पारा 11.6 डिग्री तक पहुंच गया, जबकि छिंदवाड़ा में 11.8 और भोपाल में 12 डिग्री दर्ज किया गया। हिल स्टेशन पचमढ़ी में भी न्यूनतम तापमान 12.2 डिग्री रहा। इसके अलावा मलाजखंड और नौगांव में 12.6, उमरिया में 13, जबलपुर में 13.4 और उज्जैन में 14 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ।

15 नवंबर के बाद उत्तर से आएंगी सर्द हवाएं

मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में ठंड बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हो रही हैं। उत्तर-पश्चिम भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के चलते जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी और बारिश हो रही है। 15 नवंबर से एक और मौसम प्रणाली सक्रिय होने की संभावना है। इसके आगे बढ़ने के बाद उत्तर दिशा से ठंडी हवाएं मध्य प्रदेश की ओर आएंगी। इससे रात के तापमान में और गिरावट हो सकती है।

पिछले दस वर्षों के मौसम रिकॉर्ड भी नवंबर के दूसरे पखवाड़े में ठंड बढ़ने का संकेत देते हैं। नौ वर्षों में नवंबर के दूसरे हिस्से में तेज ठंड दर्ज की गई है। ऐसे में इस बार भी 15 नवंबर के बाद प्रदेश में सर्दी का असर बढ़ने का अनुमान है।

ग्वालियर-चंबल में सबसे ज्यादा पड़ेगी ठंड

उत्तर भारत से आने वाली ठंडी हवाओं का सबसे ज्यादा असर ग्वालियर-चंबल अंचल में देखने को मिल सकता है। इन इलाकों में उत्तरी हवाएं सीधे पहुंचती हैं, जिससे रात के तापमान में तेजी से गिरावट आती है। मौसम के पुराने रिकॉर्ड के मुताबिक, ग्वालियर में नवंबर के दौरान न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। वहीं, उज्जैन में 53 साल पहले नवंबर में पारा 2.3 डिग्री दर्ज किया गया था।

बंगाल की खाड़ी का सिस्टम बढ़ा सकता है बारिश का खतरा

प्रदेश में एक तरफ उत्तर भारत से सर्द हवाएं आने की संभावना है, तो दूसरी ओर बंगाल की खाड़ी में सक्रिय निम्न दबाव का क्षेत्र मौसम का मिजाज बदल सकता है। इस सिस्टम के आगे बढ़ने पर मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। भोपाल, इंदौर और जबलपुर में भी नवंबर के दौरान बारिश का पुराना रिकॉर्ड रहा है।

इस बार नवंबर की शुरुआत में ही बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया था। मौसम प्रणाली के तीसरे और चौथे सप्ताह में सक्रिय होने पर प्रदेश के कुछ हिस्सों में दोबारा बारिश की स्थिति बन सकती है।

 

 

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

15 to 21 November 2026
8 to 14 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन