Saturday, October 3, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsबीमा के 70 लाख हड़पने के लिए पत्नी का कराया मर्डर

बीमा के 70 लाख हड़पने के लिए पत्नी का कराया मर्डर

जबलपुर: जिले के पाटन में गर्भवती कविता चौधरी की मौत के 28 दिन बाद पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। शुरुआती जांच में हादसा नजर आ रही यह घटना असल में प्री-प्लांड हत्या निकली, जिसे कविता के पति ने ही 5 लाख रुपए की सुपारी देकर अंजाम दिलवाया था। पुलिस ने इस साजिश में शामिल तीन सुपारी किलर को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मास्टरमाइंड पति और उसका साथी फरार है।

पुलिस जांच के अनुसार, 27 वर्षीय आरोपी प्रयास पांडे ने साल 2022 में कविता चौधरी (31) से प्रेम विवाह किया था। अलग समाज में शादी के कारण प्रयास का परिवार इस रिश्ते के खिलाफ था, जिससे दोनों के बीच अनबन रहने लगी।
प्रयास को मालूम था कि एलआईसी एजेंट कविता के नाम करीब 70 लाख रुपए की बीमा पॉलिसी है। इससे छुटकारा पाने और बीमा रकम हासिल करने के लिए उसने दो महीने पहले हत्या की साजिश शुरू कर दीं।

मुंहमांगी रकम, दो युवकों ने मना कर दिया

कानून की पढ़ाई कर चुका प्रयास पांडे खुद को इस मामले से दूर रखना चाहता था। उसने सबसे पहले पाटन की शराब दुकान के पास दो युवकों को मुंहमांगी रकम का ऑफर दिया, लेकिन उन्होंने मना कर दिया।
इसके बाद उसके दोस्त मान सिंह के जरिए चौधरी मोहल्ले के धनीराम, रामजी और विक्रम अहिरवार से 5 लाख रुपए में सौदा तय हुआ।
प्रयास ने एक लाख रुपए एडवांस दिए और सीसीसीटीवी या फोन कॉल में पकड़े जाने से बचने के लिए सीधे संपर्क करने के बजाय दूरियां बनाए रखीं।

20 हजार रुपए देकर किराए पर ली पिकअप गाड़ी

हादसा दिखाने के लिए आरोपियों ने तीन-चार बार घटनास्थल पर जाकर ‘सीन रीक्रिएशन’ किया और योजनाबद्ध तरीके से काम किया।आरोपियों ने 20 हजार रुपए देकर एक पिकअप 11 महीने के एग्रीमेंट पर किराए पर ली। 4 सितंबर की रात प्रयास फोन पर कविता से बात कर लगातार उसकी लोकेशन अपने साथियों को देता रहा।रात करीब 9 बजे रानीताल पुलिया के पास जैसे ही कविता एक्टिवा से पहुंची। विक्रम ने पिकअप से पीछे से टक्कर मार दी। कविता के नीचे गिरते ही उसके सिर पर पिकअप चढ़ा दी गई, उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

ये भी पढ़ें: मप्र पर 6 लाख करोड़ का कर्ज, हर नागरिक पर 80 हजार की देनदारी: जीतू पटवारी

शव से लिपटकर रोता रहा पति, मुखबिर ने खोली पोल

वारदात के बाद आरोपी पिकअप को नहर में धोकर वापस दे आए। घटना के तुरंत बाद आरोपी पति प्रयास मौके पर पहुंचा और पुलिस व परिजनों के सामने शव से लिपटकर रोने लगा। अंतिम संस्कार तक वह पुलिस के साथ बना रहा।
पुलिस शुरुआत में अज्ञात वाहन के खिलाफ एक्सीडेंट का केस मानकर जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से खबर मिली कि प्रयास कुछ दिन पहले शराब दुकान के पास पत्नी की हत्या की बात कर रहा था।
पुलिस ने जब संदेह के आधार पर तीनों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उन्होंने सारी साजिश उगल दी।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

27 SEPTEMBER TO 3 OCTOBER 2026
20 to 26 September 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन