Thursday, October 1, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsम्यांमार के रखाइन में एयरस्ट्राइक, 49 लोगों की मौत; 58 घायल, बाजार...

म्यांमार के रखाइन में एयरस्ट्राइक, 49 लोगों की मौत; 58 घायल, बाजार के पास गिरे बम

नेपीदा। म्यांमार के पश्चिमी रखाइन राज्य में सेना की एयरस्ट्राइक में कम से कम 49 लोगों की मौत हो गई, जबकि 58 लोग घायल बताए जा रहे हैं। हमला सोमवार को एक बाजार के पास किया गया, जहां उस समय दुकानदारों और ग्राहकों की भीड़ मौजूद थी। हमले की जिम्मेदारी या सटीक लक्ष्य को लेकर म्यांमार की सेना की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

यह इलाका शक्तिशाली विद्रोही संगठन अराकान आर्मी के नियंत्रण में है। संगठन ने दावा किया है कि म्यांमार की सेना के लड़ाकू विमान ने बाजार के पास दो बम गिराए। उसके मुताबिक, घायलों में 22 की हालत गंभीर है।

अराकान आर्मी ने दी जवाबी कार्रवाई की चेतावनी

अराकान आर्मी ने मंगलवार तड़के जारी बयान में हमले के लिए जिम्मेदार लोगों और संगठनों के खिलाफ जवाबी कार्रवाई करने की चेतावनी दी है। संगठन ने आरोप लगाया कि हवाई हमले जानबूझकर किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में आम नागरिक मारे गए।

म्यांमार की सेना ने हमले पर तत्काल कोई टिप्पणी नहीं की। सेना पहले यह कहती रही है कि उसके हवाई हमलों का लक्ष्य सैन्य ठिकाने होते हैं। सैन्य शासन का विरोध करने वाले संगठनों पर भी सेना आतंकवाद में शामिल होने के आरोप लगाती रही है।

2021 के सैन्य तख्तापलट के बाद जारी है संघर्ष

म्यांमार में 1 फरवरी 2021 को सेना ने आंग सान सू की के नेतृत्व वाली निर्वाचित सरकार को सत्ता से हटा दिया था। इसके बाद देशभर में विरोध प्रदर्शन शुरू हुए। सुरक्षा बलों की कार्रवाई के बाद सैन्य शासन के कई विरोधियों ने हथियार उठा लिए। इसके बाद से देश के बड़े हिस्से में सेना और विभिन्न विद्रोही संगठनों के बीच संघर्ष जारी है।

अराकान आर्मी रखाइन के जातीय अल्पसंख्यक समुदाय के लिए अधिक स्वायत्तता की मांग करने वाला सशस्त्र संगठन है। संगठन ने नवंबर 2023 में रखाइन में सैन्य अभियान शुरू किया था। इसके बाद उसने राज्य के 17 में से 14 टाउनशिप और एक महत्वपूर्ण क्षेत्रीय सैन्य मुख्यालय पर कब्जा करने का दावा किया है।

सैन्य पाबंदियों से बढ़ी खाद्य संकट की समस्या

रखाइन में संघर्ष तेज होने के बाद म्यांमार की सेना ने व्यापारिक मार्गों पर कई तरह की पाबंदियां लगा रखी हैं। इसके कारण क्षेत्र में खाद्य और अन्य आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता प्रभावित हुई है।

इससे पहले दिसंबर में रखाइन के म्राउक-यू टाउनशिप में एक अस्पताल पर हुए हवाई हमले में कम से कम 34 लोगों की मौत और 80 लोगों के घायल होने की खबर सामने आई थी।


RELATED ARTICLES

ई-पेपर

20 to 26 September 2026
13 to 19 September 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन