ग्लासगो: भारत के स्टार जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा आज कॉमनवेल्थ गेम्स में 8 साल बाद वापसी करेंगे। गेम्स के आठवें दिन वह जैवलिन थ्रो के क्वालिफाइंग राउंड में हिस्सा लेंगे। इस स्पर्धा का फाइनल मुकाबला शनिवार को खेला जाएगा।
नीरज के सामने सबसे बड़ी चुनौती पाकिस्तान के ओलिंपिक चैंपियन अरशद नदीम होंगे। दोनों खिलाड़ियों के बीच होने वाली भिड़ंत पर खेल प्रेमियों की नजरें टिकी हैं।
2018 में जीता था कॉमनवेल्थ गोल्ड
नीरज चोपड़ा ने आखिरी बार 2018 के गोल्ड कोस्ट कॉमनवेल्थ गेम्स में हिस्सा लिया था। उस दौरान उन्होंने 86.47 मीटर का थ्रो फेंककर स्वर्ण पदक अपने नाम किया था। हालांकि, चोट के कारण वह 2022 के बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स में हिस्सा नहीं ले सके थे।
अरशद नदीम से होगी रोमांचक टक्कर
नीरज चोपड़ा और पाकिस्तान के अरशद नदीम की पहली भिड़ंत 2016 के साउथ एशियन गेम्स में हुई थी। इसके बाद दोनों अब तक 11 अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में आमने-सामने आ चुके हैं।
ये भी पढ़े
Ajinkya Rahane Retirement: टीम इंडिया के ‘शांत योद्धा’ ने कहा अलविदा
इनमें से 10 मुकाबलों में नीरज ने अरशद को पीछे छोड़ा है। वहीं, अरशद की सबसे बड़ी जीत पेरिस ओलिंपिक 2024 में आई थी, जहां उन्होंने 92.97 मीटर का ओलिंपिक रिकॉर्ड बनाते हुए गोल्ड मेडल जीता था। उस मुकाबले में नीरज ने 89.45 मीटर के साथ सिल्वर मेडल हासिल किया था।
90 मीटर पार करने वाले भारत के पहले जैवलिन थ्रोअर
नीरज चोपड़ा भारत के पहले और अब तक के इकलौते जैवलिन थ्रोअर हैं जिन्होंने 90 मीटर का आंकड़ा पार किया है। उन्होंने 2025 दोहा डायमंड लीग में 90.23 मीटर का थ्रो फेंककर नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया था।
ओलिंपिक से वर्ल्ड चैंपियन तक का शानदार सफर
नीरज चोपड़ा का अंतरराष्ट्रीय करियर लगातार शानदार रहा है। उन्होंने टोक्यो ओलिंपिक 2020 में 87.58 मीटर थ्रो के साथ भारत को ऐतिहासिक स्वर्ण पदक दिलाया। इसके बाद उन्होंने वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2023 और एशियन गेम्स 2023 में गोल्ड मेडल जीता। वहीं, पेरिस ओलिंपिक 2024 में उन्होंने सिल्वर मेडल अपने नाम किया।
इन खेलों में भी उतरेगा भारत
नीरज चोपड़ा के अलावा भारतीय खिलाड़ी आज एथलेटिक्स, वेटलिफ्टिंग, ट्रैक साइक्लिंग और लॉन बॉल्स में भी चुनौती पेश करेंगे। एथलेटिक्स में पारुल चौधरी 5000 मीटर फाइनल में उतरेंगी, जबकि तजिंदरपाल सिंह तूर शॉट पुट फाइनल में भारत के लिए पदक जीतने की कोशिश करेंगे।

