नई दिल्ली। NEET-UG 2026 री-एग्जाम से पहले केंद्र सरकार ने परीक्षा सुरक्षा को लेकर बड़ा कदम उठाया है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) के अनुसार, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) ने सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 69A के तहत भारत में Telegram के उपयोग पर अस्थायी रोक लगाने का निर्देश जारी किया है। यह कदम उन फर्जी दावों, पेपर लीक अफवाहों और साइबर धोखाधड़ी को रोकने के लिए उठाया गया है, जो पिछले कुछ सप्ताह से सोशल मीडिया और मैसेजिंग प्लेटफॉर्म्स पर फैलाए जा रहे थे।
21 जून को होगा NEET री-एग्जाम
NTA द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, NEET-UG 2026 की दोबारा परीक्षा 21 जून को आयोजित की जाएगी। परीक्षा के बाद भी Telegram के कुछ फीचर्स पर निगरानी रखी जाएगी ताकि किसी प्रकार की भ्रामक सामग्री प्रसारित न हो सके।
एजेंसी के अनुसार, Telegram का Edit Feature कुछ मामलों में दुरुपयोग का माध्यम बन रहा था। आरोप है कि कुछ लोग परीक्षा समाप्त होने के बाद पुराने संदेशों में प्रश्नपत्र या फाइलें जोड़कर यह दिखाने की कोशिश करते थे कि पेपर पहले ही लीक हो चुका था। इसी कारण सरकार ने Telegram को निर्देश दिया है कि भारत में मैसेज एडिट से जुड़ी सुविधाओं पर अस्थायी नियंत्रण रखा जाए ताकि किसी भी प्रकार की फर्जी सामग्री को वायरल होने से रोका जा सके।
हजारों छात्रों को बनाया जा रहा था निशाना
वहीं जांच एजेंसियों के मुताबिक, सोशल मीडिया पर ‘Paper Leaked NEET’, ‘Re-NEET 2026’ और ‘NEET Mafia’ जैसे नामों से कई चैनल और ग्रुप सक्रिय थे। इन प्लेटफॉर्म्स के जरिए छात्रों और अभिभावकों को झूठे वादों के साथ परीक्षा प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने का दावा किया जा रहा था। बदले में लाखों रुपये की मांग की जा रही थी। NTA ने स्पष्ट किया है कि ऐसे सभी दावे पूरी तरह भ्रामक और फर्जी हैं।
साइबर एजेंसियों की बड़ी कार्रवाई
बता दें इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C) और विभिन्न राज्य पुलिस एजेंसियों ने संयुक्त अभियान चलाकर कई संदिग्ध चैनल, ग्रुप और बॉट्स को हटवाया है। अहमदाबाद साइबर क्राइम ब्रांच की जांच में एक अंतरराज्यीय साइबर ठगी नेटवर्क का खुलासा हुआ, जिसने कथित तौर पर फर्जी बैंक खातों के माध्यम से करोड़ों रुपये का लेनदेन किया था। जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह ने बड़ी संख्या में छात्रों और अभिभावकों से संपर्क किया था।
NTA ने मांगी असुविधा के लिए माफी
साथ ही एजेंसी ने स्वीकार किया कि Telegram पर किसी भी प्रकार की रोक से लाखों लोग प्रभावित हो सकते हैं, जो पढ़ाई, व्यवसाय, नौकरी और व्यक्तिगत संवाद के लिए इस प्लेटफॉर्म का उपयोग करते हैं। NTA ने अस्थायी असुविधा के लिए खेद व्यक्त किया है और लोगों से सहयोग की अपील की है।
छात्रों के लिए महत्वपूर्ण निर्देश
- किसी भी पेपर लीक दावे पर भरोसा न करें।
- पैसे लेकर प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने वाले लोगों से सावधान रहें।
- किसी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर दें।
- साइबर क्राइम पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराएं।
- केवल NTA की आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।
री-एग्जाम में हुए बड़े बदलाव
परीक्षा अवधि बढ़ी
अब परीक्षा 180 मिनट के बजाय 195 मिनट की होगी।
अतिरिक्त रफ वर्क स्पेस
उत्तर पुस्तिका में रफ वर्क के लिए अतिरिक्त स्थान उपलब्ध कराया जाएगा।
परीक्षा सुरक्षा होगी और सख्त
केंद्र और राज्य एजेंसियां परीक्षा केंद्रों की निगरानी करेंगी ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी न हो।

