भोपाल में 32 परीक्षा केंद्रों पर 13,724 से अधिक अभ्यर्थी देंगे परीक्षा
भोपाल। 21 जून को आयोजित होने वाली NEET UG 2026 परीक्षा को लेकर मध्य प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था को अभूतपूर्व स्तर पर मजबूत किया गया है। पिछले वर्ष हुए पेपर लीक विवाद से सबक लेते हुए इस बार प्रश्नपत्रों की सुरक्षा से लेकर परीक्षा केंद्रों की निगरानी तक बहुस्तरीय इंतजाम किए गए हैं। पहली बार प्रश्नपत्रों को स्ट्रॉन्ग रूम से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने और वापस जमा कराने की जिम्मेदारी सीआरपीएफ को सौंपी गई है।
प्रदेश के सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे और हाई-पावर जैमर लगाए जा रहे हैं, ताकि किसी भी प्रकार की नकल या इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के दुरुपयोग को रोका जा सके। वाहनों की निगरानी जिला प्रशासन के अधिकारी करेंगे।
भोपाल में 32 केंद्र, 13 हजार से ज्यादा परीक्षार्थी
राजधानी भोपाल में परीक्षा के लिए 32 केंद्र बनाए गए हैं, जहां 13,724 से अधिक अभ्यर्थी शामिल होंगे। कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक में तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी केंद्राध्यक्षों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
केंद्रों के बाहर लगेगी बड़ी घड़ी
परीक्षार्थियों को समय संबंधी किसी भी भ्रम से बचाने के लिए प्रत्येक परीक्षा केंद्र के बाहर बड़ी घड़ी लगाई जाएगी। समान नाम वाले केंद्रों तक पहुंचने में परेशानी न हो, इसके लिए दिशा-सूचक बोर्ड भी लगाए जाएंगे। मेट्रो निर्माण या ट्रैफिक बाधा वाले क्षेत्रों में विशेष यातायात प्रबंधन किया जाएगा।
हर गतिविधि पर होगी नजर
परीक्षा केंद्रों की बाहरी सुरक्षा पुलिस और होमगार्ड संभालेंगे, जबकि केंद्र के अंदर की सुरक्षा एनटीए की अधिकृत एजेंसी के जिम्मे रहेगी। प्रवेश से लेकर परीक्षा समाप्त होने तक प्रत्येक गतिविधि सीसीटीवी निगरानी में होगी और जैमर लगातार सक्रिय रहेंगे।
अभिभावकों के लिए भी विशेष व्यवस्था
परीक्षा केंद्रों के बाहर इंतजार करने वाले अभिभावकों के लिए टेंट, बैठने की व्यवस्था, पेयजल और नाश्ते की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। सभी केंद्रों पर जनरेटर, प्राथमिक उपचार किट, ओआरएस, मेडिकल टीम और स्वच्छ शौचालय की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।
इन जिलों में सबसे ज्यादा परीक्षार्थी
- भोपाल – 13,724
- छिंदवाड़ा – 4,303
- गुना – 1,839
- विदिशा – 1,709
- नर्मदापुरम – 1,283
- अशोकनगर – 865

