विष्णुपुर। पश्चिम बंगाल की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है। रविवार को राज्य के विष्णुपुर में आयोजित एक जनसभा के दौरान नरेंद्र मोदी ने तृणमूल कांग्रेस पर महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी को लेकर गंभीर आरोप लगाए।
महिला आरक्षण को लेकर तीखा हमला
बता दें प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में कहा ‘टीएमसी नहीं चाहती कि पश्चिम बंगाल की महिलाएं बड़ी संख्या में विधायक (MLA) और सांसद (MP) बनें। कुछ राजनीतिक दल महिलाओं को सशक्त होते नहीं देखना चाहते। महिला नेतृत्व को बढ़ावा देना देश के विकास के लिए जरूरी है, लेकिन विपक्ष इस दिशा में बाधा बन रहा है।’
वहीं पीएम मोदी ने अपने भाषण में टीएमसी पर निशाना साधते हुए कहा ‘पार्टी का फोकस महिलाओं को आगे लाने के बजाय वोट बैंक की राजनीति पर ज्यादा है। जब महिलाओं को अवसर देने की बात आती है, तो ये दल पीछे हट जाते हैं। महिलाओं को राजनीति में उचित प्रतिनिधित्व देना केवल एक सामाजिक मुद्दा नहीं, बल्कि लोकतंत्र को मजबूत करने का अहम हिस्सा है।’
घुसपैठ और आरक्षण पर भी उठाए सवाल
साथ ही नरेंद्र मोदी ने अपने भाषण में टीएमसी सरकार पर अन्य मुद्दों को लेकर भी हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार घुसपैठियों को फायदा पहुंचाने के लिए नियमों में ढील देती है और धर्म के आधार पर आरक्षण देने की कोशिश कर रही है। उनके मुताबिक, ऐसी नीतियां संविधान की मूल भावना के खिलाफ हैं और इससे सामाजिक संतुलन बिगड़ सकता है।
प्रधानमंत्री का यह दौरा आगामी चुनावी रणनीति के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है। विष्णुपुर की रैली के जरिए उन्होंने न केवल महिला आरक्षण का मुद्दा उठाया, बल्कि राज्य सरकार की नीतियों पर भी सवाल खड़े किए।


