दिल्ली। बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव सामने आया है। लंबे समय तक राज्य की कमान संभालने के बाद नीतीश कुमार अब राष्ट्रीय राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाने की तैयारी में दिख रहे हैं। गुरुवार को दिल्ली पहुंचने के बाद उन्होंने अपने आवास पर मीडिया से बातचीत करते हुए साफ संकेत दिए कि अब उनका फोकस केंद्र की राजनीति पर रहेगा।
अब दिल्ली में भी करेंगे काम
बता दें दिल्ली पहुंचते ही नीतीश कुमार ने संक्षिप्त लेकिन अहम बयान दिया। उन्होंने कहा कि- वह दो दशकों तक बिहार में काम करते रहे हैं और अब राजधानी में भी सक्रिय रहेंगे। उनके इस बयान को राजनीतिक रूप से बड़ा संकेत माना जा रहा है, खासकर ऐसे समय में जब वे राज्यसभा में नई भूमिका निभाने जा रहे हैं।
राज्यसभा शपथ से पहले बड़ा कदम
सूत्रों के मुताबिक, नीतीश कुमार 10 अप्रैल को राज्यसभा सांसद के रूप में शपथ ले सकते हैं। इससे पहले उन्होंने विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। इस कदम ने पहले ही साफ कर दिया था कि वे अब राज्य की राजनीति से हटकर राष्ट्रीय स्तर पर भूमिका निभाने की तैयारी कर चुके हैं।
वहीं दिल्ली पहुंचने के दौरान नीतीश कुमार के साथ पार्टी और गठबंधन के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे। इसे राजनीतिक रूप से समर्थन और एकजुटता के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।

