इंदौर: राहुल गांधी के छात्रों की गूंज कार्यक्रम के एक दिन बाद मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने रविवार को इंदौर प्रेस क्लब में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने कहा कि इंदौर से शुरू हुआ यह अभियान अब प्रदेश के दूसरे जिलों तक पहुंचाया जाएगा। कांग्रेस शिक्षा, रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं और छात्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर युवाओं से संवाद करेगी।
19 सितंबर को आयोजित छात्रों की गूंज कार्यक्रम में राहुल गांधी ने छात्रों से सीधा संवाद किया था। इस दौरान छात्रों ने नर्सिंग शिक्षा, MPPSC और प्रतियोगी परीक्षाओं सहित पढ़ाई और भविष्य से जुड़ी समस्याएं उनके सामने रखी थीं।
पटवारी बोले- छात्रों की समस्याएं घर-घर जाकर सुनेंगे
जीतू पटवारी ने कहा कि इंदौर में युवाओं और छात्रों ने बड़ी संख्या में कार्यक्रम में भागीदारी की। उन्होंने दावा किया कि यह केवल किसी राजनीतिक कार्यक्रम की भीड़ नहीं, बल्कि शिक्षा और रोजगार से जुड़े सवालों को लेकर युवाओं की आवाज है।
शिक्षकों और खाली पदों को लेकर सरकार से सवाल
पटवारी ने प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने शिक्षकों की कमी, एक शिक्षक वाले स्कूलों, सरकारी विश्वविद्यालयों में खाली पदों और प्रतियोगी परीक्षाओं की व्यवस्था जैसे मुद्दे उठाए।
प्रेस विज्ञप्ति में पटवारी ने दावा किया कि प्रदेश में ढाई लाख से अधिक शिक्षकों की कमी है और सरकारी विश्वविद्यालयों में बड़ी संख्या में पद खाली हैं। इन आंकड़ों को उन्होंने सरकार से जवाब मांगते हुए पेश किया। इससे पहले भी पटवारी शिक्षा व्यवस्था को लेकर रिक्त शिक्षक पद भरने और सरकार से स्थिति स्पष्ट करने की मांग कर चुके हैं।
KG से PG तक किफायती शिक्षा की मांग
पटवारी ने कहा कि कांग्रेस KG से PG तक किफायती, भ्रष्टाचार-मुक्त, सुरक्षित और रोजगारपरक शिक्षा की मांग को लेकर अभियान आगे बढ़ाएगी। उनका कहना था कि छात्रों को ऐसी शिक्षा मिलनी चाहिए जो उनके अधिकारों की सुरक्षा के साथ रोजगार के अवसरों से भी जोड़े।
कार्यक्रम में सहयोग के लिए पटवारी ने इंदौर के नागरिकों, छात्रों, युवाओं, मीडिया, प्रशासन और पुलिस का आभार जताया। उन्होंने कार्यक्रम के दौरान लंगर सेवा के लिए सिख समाज को भी धन्यवाद दिया।

