नई दिल्ली: अक्सर लोग पुराने कपड़ों को अलमारी में रखकर भूल जाते हैं या उससे ऊब जाते हैं और फिर उन्हें बेकार समझकर फेंक देते हैं। या सोचते हैं कि आखिर इस कपड़े का करें क्या? नया खरीदने का मन है, पर पुराना जगह घेर रहा है। तो अगर आपकी अलमारी भी ऐसे ही कपड़ों से भरी पड़ी है, तो इन्हें फेंकने की गलती मत करो, इनका बढ़िया इस्तेमाल हो सकता है।
अब यही पुराने कपड़े आपकी अतिरिक्त कमाई का जरिया बन सकते हैं। अगर आपके पास ऐसे कपड़े हैं, जिन्हें आपने बहुत कम पहना है और उनकी हालत अच्छी है, तो आप उन्हें घर बैठे ऑनलाइन बेच सकते हैं।
आजकल ऑनलाइन खरीदारी के साथ पुराने सामान की खरीद-बिक्री भी काफी लोकप्रिय हो रही है। कई लोग कम कीमत में अच्छी क्वालिटी के कपड़े खरीदना पसंद करते हैं। ऐसे में पुराने कपड़े बेचने वालों के लिए भी अवसर बढ़ रहे हैं।
इन ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर बेच सकते हैं कपड़े
पुराने कपड़े बेचने के लिए OLX और Facebook Marketplace जैसे प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल किया जा सकता है। यहां आप कपड़ों की तस्वीरें, कीमत, साइज और उनकी स्थिति की जानकारी देकर विज्ञापन डाल सकते हैं।
इसके अलावा सोशल मीडिया पर बने स्थानीय खरीद-बिक्री ग्रुप भी उपयोगी हो सकते हैं। इन ग्रुप में आसपास के खरीदारों तक पहुंचना आसान होता है। हालांकि, विज्ञापन डालने से पहले प्लेटफॉर्म के नियम जरूर देख लें।
कपड़ों की अच्छी तस्वीरें बढ़ाएंगी बिक्री की संभावना
अगर आप चाहते हैं कि आपके कपड़े जल्दी बिकें, तो उनकी साफ और अच्छी तस्वीरें लेना जरूरी है। कपड़ों को पहले धोकर और प्रेस करके रखें। इसके बाद अच्छी रोशनी में आगे और पीछे से फोटो लें।
कपड़ों का सही साइज, ब्रांड, रंग और इस्तेमाल की जानकारी भी दें। अगर किसी कपड़े पर दाग या हल्की खराबी है, तो उसे छिपाने के बजाय स्पष्ट बताएं। इससे खरीदार का भरोसा बढ़ेगा।
कितनी कीमत पर बेच सकते हैं पुराने कपड़े?
पुराने कपड़ों की कोई निश्चित कीमत नहीं होती। यह उनकी क्वालिटी, ब्रांड, डिजाइन और हालत पर निर्भर करती है। अच्छी स्थिति वाली जींस, जैकेट, साड़ी, लहंगा और ब्रांडेड कपड़ों की कीमत सामान्य कपड़ों से ज्यादा मिल सकती है।
उदाहरण के लिए, अगर कोई कपड़ा आपने 2,000 रुपये में खरीदा था और उसकी हालत अच्छी है, तो आप शुरुआत में 700 से 1,000 रुपये तक कीमत रखकर खरीदारों की प्रतिक्रिया देख सकते हैं। हालांकि, वास्तविक बिक्री कीमत बाजार की मांग पर निर्भर करेगी।
ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचना भी जरूरी
पुराने कपड़े ऑनलाइन बेचते समय सावधानी रखना बेहद जरूरी है। किसी भी अनजान व्यक्ति को अपना OTP, UPI PIN या बैंकिंग पासवर्ड नहीं बताएं। पैसे प्राप्त करने के लिए UPI PIN डालने की जरूरत नहीं होती।
अगर कोई खरीदार भुगतान के नाम पर संदिग्ध लिंक भेजता है या QR Code स्कैन करने को कहता है, तो सावधान रहें। सामान देने से पहले अपने बैंक खाते में भुगतान की पुष्टि जरूर करें।
यह भी पढ़ें: न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर रह सकते हैं जसप्रीत बुमराह, फिटनेस को लेकर आया बड़ा अपडेट
पर्यावरण के लिए भी फायदेमंद है यह तरीका
पुराने कपड़ों को दोबारा इस्तेमाल में लाने से कपड़ों की बर्बादी कम होती है। इससे नए कपड़ों की जरूरत भी कुछ हद तक घट सकती है। यह तरीका न केवल अतिरिक्त कमाई का अवसर देता है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी मदद करता है।
ऐसे में अगर आपकी अलमारी में भी अच्छी हालत वाले पुराने कपड़े रखे हैं, तो उन्हें फेंकने के बजाय ऑनलाइन बेचने का विकल्प आजमा सकते हैं। सही कीमत, अच्छी तस्वीरें और सुरक्षित लेनदेन से पुराने कपड़ों को नई उपयोगिता मिल सकती है।

