छतरपुर:छतरपुर में स्वच्छता अभियान के तहत बने 13 शौचालयों के अप्रूवल के लिए हर शौचालय 500 रुपए के हिसाब से 6500 रुपए रिश्वत मांगने वाली तत्कालीन ब्लॉक कोऑर्डिनेटर नीलम तिवारी को कोर्ट ने 3 साल की सजा सुनाई है।
फरियादी रोजगार सहायक जितेंद्र सिंह की शिकायत सागर लोकायुक्त ने 18 फरवरी 2020 को नीलम तिवारी को रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा था।
करीब छह साल बाद मामले में छतरपुर कोर्ट ने फैसला सुनाया। हालांकि 3 साल की सजा होने के कारण नीलम तिवारी को तत्काल जमानत मिल गई।
13 शौचालयों की फोटो एप पर अपलोड की थी
डीपीओ प्रवेश अहिरवार ने बताया कि फरियादी जितेंद्र सिंह छतरपुर जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत धौरी में रोजगार सहायक था। स्वच्छता अभियान के तहत गांव में बनाए गए 13 शौचालयों की फोटो उसने एप पर अपलोड की थीं।
फोटो अपलोड होने के बाद ब्लॉक कोऑर्डिनेटर का अप्रूवल जरूरी था। इसी अप्रूवल के लिए नीलम तिवारी ने प्रत्येक शौचालय के 500 रुपए मांगे थे।
13 शौचालयों के हिसाब से कुल रकम 6500 रुपए थी। जितेंद्र सिंह ने रिश्वत देने से इनकार कर दिया। इसके बाद अप्रूवल नहीं दिया गया।
शिकायत पर लोकायुक्त ने की कार्रवाई
जितेंद्र सिंह ने इसकी शिकायत सागर लोकायुक्त से की। शिकायत की जांच के बाद लोकायुक्त टीम ने 18 फरवरी 2020 को नीलम तिवारी को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया था।
इसके बाद मामला कोर्ट में चला। सुनवाई पूरी होने पर न्यायाधीश आशीष श्रीवास्तव की अदालत ने नीलम तिवारी को 3 साल के कारावास की सजा सुनाई।
सजा के बाद तत्काल जमानत
डीपीओ प्रवेश अहिरवार के मुताबिक कोर्ट से 3 साल की सजा होने के कारण नीलम तिवारी को तत्काल जमानत मिल गई है।
उन्होंने बताया कि दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 389 के तहत सजा के खिलाफ हाईकोर्ट में अपील का प्रावधान है। निर्धारित समय में अपील की जा सकती है। यदि तय अवधि में अपील नहीं की जाती है तो सजा के अनुसार जेल जाना पड़ेगा।

