खामखेड़ा में सड़कों की खुली पोल , 15 फीट लंबा गड्ढा बना हादसे की वजह

शेयर करे

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के खामखेड़ा इलाके में एक बार फिर सड़क धंसने की घटना सामने आई है। यहां सड़क का करीब 15 फीट लंबा और 7 फीट चौड़ा हिस्सा अचानक धंस गया, जिससे करीब 10 फीट से ज्यादा गहरा गड्ढा बन गया। इस दौरान एक बाइक सवार गड्ढे में गिरते-गिरते बाल-बाल बच गया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।

तीन महीने से बना था गड्ढा

मामले पर स्थानीय लोगों का कहना है कि यह गड्ढा पिछले तीन महीनों से बना हुआ है। बारिश के दौरान पुलिया का आधा हिस्सा धंसने से सड़क कमजोर हो गई थी, लेकिन बार-बार शिकायतों के बावजूद पीडब्ल्यूडी ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। समय रहते मरम्मत न होने के कारण यह सड़क अब हादसों को खुला न्योता दे रही है।

वीडियो वायरल, जनप्रतिनिधि ने उठाई आवाज

घटना के बाद जिला पंचायत उपाध्यक्ष मोहनसिंह जाट मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने गड्ढे और सड़क की बदहाल हालत का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया और इस मुद्दे को जिला पंचायत की बैठक में उठाने की बात कही। निरीक्षण के दौरान ही एक बाइक सवार गड्ढे में फंस गया, जिसे स्थानीय लोगों ने तुरंत बाहर निकाला।

अस्थायी इंतजाम, फिर भी खतरा बरकरार

ग्रामीणों ने पत्थर डालकर गड्ढे के आसपास अस्थायी घेराबंदी जरूर की है, लेकिन रात के समय यहां बड़ा हादसा होने का खतरा लगातार बना हुआ है। पास से गुजरने वाले भारी वाहनों के लिए यह सड़क बेहद जोखिम भरी हो चुकी है।

मरम्मत का आश्वासन, कार्रवाई का इंतजार

सूत्रों के अनुसार प्रधानमंत्री सड़क योजना के तहत सड़क की मरम्मत का आश्वासन दिया गया है। योजना के जनरल मैनेजर सनी सिंघानिया ने बताया कि- क्षतिग्रस्त पुलिया की जानकारी मिल चुकी है और जल्द काम शुरू किया जाएगा। वहीं, जनप्रतिनिधियों ने चेतावनी दी है कि यदि मरम्मत में और देरी हुई तो ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा।

पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं

बता दें भोपाल में सड़क धंसने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले जुलाई 2025 में एमपी नगर इलाके में भी सड़क धंसने से 10 फीट से ज्यादा गहरा गड्ढा बन गया था, जिसे निर्माण गुणवत्ता पर सवाल के रूप में देखा गया। लगातार हो रही ऐसी घटनाएं शहर की सड़कों की मजबूती और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर प्रश्न खड़े कर रही हैं।