Thursday, November 12, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsविधानसभा परिसर में यूसीसी के विरोध में विपक्ष का प्रदर्शन

विधानसभा परिसर में यूसीसी के विरोध में विपक्ष का प्रदर्शन

यूसीसी के बहाने आरएसएस का एजेंडा लागू करना चाहती है भाजपा सरकार, जनता के असली मुद्दों से भाग रही है : उमंग सिंघार

भोपाल: मप्र विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन कांग्रेस विधायक दल ने भाजपा सरकार द्वारा समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के माध्यम से आरएसएस का एजेंडा आगे बढ़ाने के प्रयासों के विरोध और जनहित के असली मुद्दों से भागने की सरकार की आदत को लेकर विधानसभा परिसर में जोरदार सांकेतिक प्रदर्शन किया।

नेता प्रतिपक्ष श्री उमंग सिंघार के नेतृत्व में कांग्रेस विधायकों ने अनोखे अंदाज़ में प्रदर्शन करते हुए भाजपा सरकार को “मुर्दों की सरकार” करार दिया और आरोप लगाया कि सरकार जनता के वास्तविक मुद्दों पर पूरी तरह निष्क्रिय बनी हुई है।

प्रदर्शन के दौरान नेता प्रतिपक्ष श्री उमंग सिंघार ने कहा कि भाजपा सरकार प्रदेश की जनता की समस्याओं के प्रति मुर्दों की तरह सोई हुई है। किसानों को खाद की कमी का सामना करना पड़ रहा है, युवा रोजगार के लिए भटक रहे हैं, महिलाओं के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और प्रदेश में घोटालों की परतें खुल रही हैं, लेकिन सरकार इन गंभीर मुद्दों पर मौन है।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार केवल हिंदू-मुस्लिम विवाद, यूसीसी और तथाकथित लव जिहाद जैसे मुद्दों को उछालकर जनता का ध्यान भटकाने का काम कर रही है। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, कृषि और महंगाई जैसे जनहित के विषय सरकार की प्राथमिकता में नहीं हैं।

श्री सिंघार ने सवाल उठाया कि यदि भाजपा वास्तव में जनता के हितों के प्रति प्रतिबद्ध है, तो वह किसानों, बेरोजगार युवाओं, महिलाओं की सुरक्षा, शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था पर चर्चा करने से क्यों बच रही है? उन्होंने कहा कि यूसीसी जैसे विषयों को जल्दबाजी में आगे बढ़ाकर भाजपा सरकार प्रदेश के असली मुद्दों से ध्यान हटाने की कोशिश कर रही है।

कांग्रेस विधायक दल ने स्पष्ट किया कि वह जनता के सरोकारों से जुड़े मुद्दों को विधानसभा के भीतर और बाहर पूरी मजबूती से उठाता रहेगा तथा प्रदेश की जनता के अधिकारों और हितों की लड़ाई निरंतर जारी रखेगा।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

8 to 14 November 2026
1 to 7 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन