Saturday, November 14, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Homeदेशपद्म पुरस्कार 2026: रोहित शर्मा और आर. माधवन समेत 65 हस्तियां सम्मानित

पद्म पुरस्कार 2026: रोहित शर्मा और आर. माधवन समेत 65 हस्तियां सम्मानित

नई दिल्ली। राष्ट्रपति भवन में आयोजित पद्म पुरस्कार 2026 के दूसरे चरण के समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देश की 65 विशिष्ट हस्तियों को पद्म सम्मान प्रदान किए। इस दौरान 2 पद्म विभूषण, 7 पद्म भूषण और 56 पद्मश्री पुरस्कार दिए गए। खेल, कला, साहित्य, समाजसेवा और जनसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित किया गया।

समारोह में भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा को क्रिकेट में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए पद्मश्री से सम्मानित किया गया। वहीं, प्रसिद्ध गायिका अलका याग्निक ने पद्म भूषण ग्रहण करने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चरण स्पर्श कर सम्मान व्यक्त किया, जिसकी चर्चा पूरे कार्यक्रम में रही।

सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश जस्टिस के.टी. थॉमस को जनसेवा और वरिष्ठ मलयालम पत्रकार पी. नारायणन को साहित्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में योगदान के लिए पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन को मरणोपरांत पद्म भूषण प्रदान किया गया, जिसे उनकी पत्नी रूपी सोरेन ने ग्रहण किया।

फिल्म जगत से अभिनेता आर. माधवन को पद्मश्री से नवाजा गया। ‘मैडी’ के नाम से लोकप्रिय माधवन ने अपने करियर में 75 से अधिक फिल्मों और 1200 से ज्यादा टीवी कार्यक्रमों में काम किया है। उनके अलावा दिग्गज अभिनेता ममूटी और पूर्व टेनिस खिलाड़ी विजय अमृतराज को पद्म भूषण से सम्मानित किया गया।

खेल जगत में भारतीय महिला हॉकी टीम की पूर्व कप्तान और गोलकीपर सविता पूनिया को भी पद्मश्री प्रदान किया गया। उन्हें भारतीय महिला हॉकी की ‘ग्रेट वॉल’ के रूप में जाना जाता है। वहीं, भारतीय कुश्ती को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने वाले रूस मूल के कोच व्लादिमीर मेस्तविरीश्विली को मरणोपरांत पद्मश्री से सम्मानित किया गया।

समारोह में रूस की प्रसिद्ध भाषाविद् और इंडोलॉजिस्ट प्रोफेसर डॉ. ल्यूडमिला खोखलोवा को भी पद्मश्री दिया गया। उन्होंने हिंदी, अंग्रेजी और रूसी भाषाओं में कई महत्वपूर्ण पुस्तकें और शोधपत्र लिखे हैं।

नागालैंड के संग्युसुंग पोंगनर अपनी पारंपरिक पोशाक के कारण समारोह का आकर्षण बने रहे, जबकि मध्य प्रदेश के समाजसेवी मोहन नागर को समाजसेवा के क्षेत्र में योगदान के लिए पद्मश्री से सम्मानित किया गया।

गौरतलब है कि वर्ष 2026 के लिए कुल 131 लोगों को पद्म पुरस्कारों के लिए चुना गया था। इससे पहले 25 मई को आयोजित पहले चरण के समारोह में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर, अभिनेता धर्मेंद्र समेत 66 हस्तियों को पद्म सम्मान प्रदान किए गए थे।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

8 to 14 November 2026
1 to 7 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन