चीन:महिला जूनियर एशिया कप 2026 के क्वार्टर फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को 19-0 से रौंदकर सेमीफाइनल में जगह पक्की की. टीम इंडिया ने मैच के पहले ही हाफ में 10 गोल मार दिए थे
तीसरी बार खिताब जीतने की उम्मीदे कायम
चीन के मोकी में खेले जा रहे एएचएफ महिला जूनियर एशिया कप 2026 के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम ने पाकिस्तान को रौंद दिया। टीम इंडिया ने पाकिस्तान को 19-0 के रिकॉर्ड स्कोर से करारी शिकस्त दी। इस ऐतिहासिक और एकतरफा जीत के साथ भारत ने शान से सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। उसने टूर्नामेंट में लगातार तीसरी बार खिताब जीतने की अपनी उम्मीदों को कायम रखा है।
भारत ने आक्रामक रणनीति अपनाई
अपने अंतिम एलीट पूल मैच में चीन के खिलाफ 0-0 से ड्रॉ खेलने के बाद भारतीय टीम ने क्वार्टर फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ आक्रामक रणनीति अपनाई। खेल की शुरुआत से ही ‘वुमेन इन ब्लू’ ने अपने शानदार अटैकिंग खेल से पाकिस्तान को बैकफुट पर धकेल दिया। पूरे मुकाबले में पाकिस्तानी टीम भारतीय खिलाड़ियों की आक्रामकता के आगे बेबस नजर आई।
हाफ-टाइम तक भारत ने कितने गोल दागे?
मैच के 7वें मिनट में पूजा साहू ने पहला गोल कर भारत का खाता खोला, जिसके महज दो मिनट बाद रोशनी ऐंद ने दूसरा गोल दागा. इसके बाद गोलों की बरसात शुरू हो गई. तनुश्री दिनेश काडू, सुखवीर कौर, सानिका चंद्रकांत माने, मधु सिदार गीता यादव, तनुजा टोप्पो और पूजा मलिक ने गोल दागकर हाफ-टाइम तक भारत को 10-0 की विशाल बढ़त दिला दी.

