नई दिल्ली/इस्लामाबाद: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (POK) को लेकर दिए गए सख्त बयान के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच एक बार फिर जुबानी जंग तेज हो गई है। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने भारत के बयान पर आपत्ति जताते हुए आधिकारिक प्रतिक्रिया जारी की, लेकिन बयान में हुई एक अंग्रेजी गलती ने पूरी बहस का रुख बदल दिया। अब यह चूक सोशल मीडिया पर चर्चा और ट्रोलिंग का बड़ा कारण बन गई है।
दरअसल, पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में भारत के रवैये का वर्णन करने के लिए अंग्रेजी शब्द ‘Rogue’ लिखने की जगह गलती से ‘Rouge’ लिख दिया। अंग्रेजी में ‘Rogue’ का अर्थ होता है बदमाश, गैर-जिम्मेदार या नियमों की अनदेखी करने वाला, जबकि ‘Rouge’ का अर्थ लाल रंग, गालों पर लगाया जाने वाला मेकअप या लाल पाउडर होता है। इस एक स्पेलिंग मिस्टेक ने बयान का पूरा अर्थ बदल दिया।

जैसे ही यह गलती लोगों की नजर में आई, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय की जमकर आलोचना और ट्रोलिंग शुरू हो गई। कई यूजर्स ने इसे कूटनीतिक लापरवाही बताया, तो कुछ ने पाकिस्तान की शिक्षा व्यवस्था और आधिकारिक दस्तावेजों की गुणवत्ता पर सवाल उठाए। मीम्स और मजाकिया पोस्ट तेजी से वायरल होने लगे।
बता दें यह विवाद तब शुरू हुआ जब रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि यदि भविष्य में कश्मीर मुद्दे पर कोई बातचीत होगी, तो वह केवल पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (POK) को लेकर होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत का रुख इस मुद्दे पर पूरी तरह साफ है और POK भारत का अभिन्न हिस्सा है।
वहीं राजनाथ सिंह के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ताहिर अंद्राबी ने भारत की टिप्पणियों को उकसाने वाला और गैर-जिम्मेदाराना बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे बयान क्षेत्रीय शांति और स्थिरता के लिए ठीक नहीं हैं। हालांकि, आधिकारिक बयान में हुई स्पेलिंग की गलती के कारण पाकिस्तान का संदेश पीछे छूट गया और पूरी चर्चा उसी त्रुटि पर केंद्रित हो गई।
इस घटनाक्रम ने एक बार फिर दिखा दिया कि अंतरराष्ट्रीय कूटनीति में शब्दों का सही चयन कितना महत्वपूर्ण होता है। कई बार एक छोटी सी भाषाई गलती भी बड़े स्तर पर चर्चा और विवाद का कारण बन सकती है।

