भोपाल: मध्य प्रदेश में पाकिस्तान में बनी दो वाइटनिंग क्रीम की खरीद-बिक्री और इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। इनमें गोरी ब्यूटी और चांदनी वाइटनिंग क्रीम शामिल हैं। खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने 14 नवंबर को इस संबंध में आदेश जारी किया है।
कार्रवाई करते हुए 300 पैकेट जब्त किए गए
विभाग ने बाजार में इन क्रीम की बिक्री पर सख्ती करते हुए इनके उपलब्ध होने पर तत्काल सूचना देने के निर्देश दिए हैं। दरअसल एक समाचार पत्र ने इन पाकिस्तानी क्रीम की बिक्री को लेकर खुलासा किया था। इसके बाद शुक्रवार को इंदौर में कार्रवाई करते हुए 300 पैकेट जब्त किए गए थे। अब विभाग ने पूरे मध्य प्रदेश में इन क्रीम की खरीद-बिक्री और उपयोग पर प्रतिबंध लगा दिया है।
भारतीय बाजार में बेचने के लिए आयात रजिस्ट्रेशन नहीं मिला
विभाग के मुताबिक, इन दोनों क्रीम को भारतीय बाजार में बेचने के लिए सक्षम प्राधिकारी से आयात रजिस्ट्रेशन नहीं मिला है। औषधि महानियंत्रक (भारत) और केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (CDSCO), नई दिल्ली ने 8 सितंबर को इसकी जानकारी दी थी।
जांच में इन उत्पादों में निर्धारित सीमा से अधिक भारी धातुएं होने की बात सामने आई है। इससे उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य को खतरा हो सकता है और विषाक्त प्रभाव पड़ सकते हैं, इसलिए मध्य प्रदेश में इनकी बिक्री अनधिकृत मानी गई है।
टीम पहले रानीपुरा स्थित दुकान ‘द ब्यूटी बार’ पर पहुंची। यहां से क्रीम के कुछ पैकेट जब्त किए गए। इसके बाद छावनी स्थित पद्मश्री एजेंसी पर कार्रवाई हुई। यहां से करीब डेढ़ लाख रुपए कीमत के 300 पैकेट जब्त किए गए। सभी पर ‘मेड इन पाकिस्तान’ लिखा है।
औषधि निरीक्षक को सूचना देने की अपील
खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे गोरी ब्यूटी, चांदनी वाइटनिंग क्रीम या इसी तरह के नाम वाले उत्पाद न खरीदें और न ही इस्तेमाल करें। यदि ये क्रीम बाजार में बिकती दिखें तो विभाग के ई-मेल cfdamp@rediffmail.com पर या अपने जिले के औषधि निरीक्षक को सूचना दें।
ये भी पढ़ें: दालों की कीमतों पर सरकार सख्त, कारोबारियों को हर शुक्रवार बताना होगा स्टॉक
क्रीम खरीदने से पहले ये बातें जरूर जांचें
- विभाग ने अधिकृत कॉस्मेटिक उत्पादों की पहचान के लिए कुछ जरूरी जानकारियां साझा की हैं।
- देश में निर्मित उत्पाद पर वैध निर्माण लाइसेंस नंबर होना चाहिए।
- निर्माता का नाम और पता, बैच नंबर, निर्माण तिथि और एक्सपाइरी डेट अंकित होनी चाहिए।
- आयातित उत्पाद पर आयात रजिस्ट्रेशन या लाइसेंस नंबर होना जरूरी है।
- आयातित उत्पाद पर निर्माता का नाम-पता, निर्यातक देश, बैच नंबर, निर्माण तिथि और एक्सपायरी डेट भी दर्ज होनी चाहिए।

