दिल्ली: ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार पाकिस्तान का कोई मंत्री भारत पहुंचा है। पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण समन्वय मंत्री मुसादिक मसूद मलिक शुक्रवार को दिल्ली में आयोजित होने वाले शंघाई सहयोग संगठन यानी SCO के सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम में शामिल होंगे।
पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे
मुसादिक मसूद मलिक इस कार्यक्रम में पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे। इस बैठक में 25 देशों को न्योता दिया गया है। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे। ऑपरेशन सिंदूर के बाद किसी पाकिस्तानी मंत्री का भारत दौरा होने के कारण इस बैठक पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी नजर बनी हुई है।
पीएम मोदी दिल्ली के पुराना किला में फोरम का उद्घाटन करेंगे
प्रधानमंत्री मोदी शुक्रवार शाम करीब 5:30 बजे दिल्ली के पुराना किला में फोरम का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम 20 से 22 नवंबर तक चलेगा। संस्कृति मंत्रालय और विदेश मंत्रालय मिलकर इसका आयोजन कर रहे हैं।
भारत ने इस फोरम के लिए 25 देशों को न्योता भेजा था, जिनमें से 15 ने भागीदारी की पुष्टि की है। इसका उद्देश्य सदस्य देशों की साझा सभ्यता और संस्कृति को सामने लाना और उनके बीच आपसी बातचीत बढ़ाना है।
संस्कृति मंत्री की जगह जलवायु मंत्री को भेजा
भारत ने पाकिस्तान के राष्ट्रीय विरासत और संस्कृति मंत्री औरंगजेब खान खिची को फोरम में शामिल होने का निमंत्रण दिया था। हालांकि, पाकिस्तान ने जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण समन्वय मंत्री डॉ. मुसादिक मसूद मलिक को प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करने के लिए नामित किया।
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के मुताबिक, उसका प्रतिनिधिमंडल फोरम के अलग-अलग विषयों पर होने वाली चर्चाओं में हिस्सा लेगा। साथ ही SCO के दूसरे सदस्य देशों के प्रतिनिधियों से अलग बातचीत भी करेगा।
मई 2023 में तत्कालीन विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी के गोवा दौरे के बाद किसी पाकिस्तानी संघीय मंत्री की यह पहली भारत यात्रा होगी। बिलावल SCO के विदेश मंत्रियों की बैठक में शामिल हुए थे।
ये भी पढ़ें: बांग्लादेश के PM ने हिंसा के लिए हसीना को ठहराया जिम्मेदार: बिना नाम लिए लगाया साजिश का आरोप
चीन, ईरान सहित कई देश होंगे फोरम में शामिल
केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने 13 नवंबर को बताया था कि भारत ने 25 देशों को निमंत्रण भेजा है। इनमें चीन, कजाकिस्तान, ईरान, किर्गिज रिपब्लिक, ताजिकिस्तान, उज्बेकिस्तान, बेलारूस, अजरबैजान, आर्मेनिया, बहरीन, नेपाल, सऊदी अरब, कंबोडिया, तुर्किये और श्रीलंका शामिल हैं।

