Saturday, November 14, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsउल्टी-दस्त के बाद मचा हड़कंप, फूड पॉइजनिंग, तीन बहनों की मौत

उल्टी-दस्त के बाद मचा हड़कंप, फूड पॉइजनिंग, तीन बहनों की मौत

इटारसी/इंदौर: इंदौर के बेटमा थाना क्षेत्र में एक ही परिवार की तीन बच्चियों की मौत के बाद हड़कंप मच गया। परिवार के सभी सदस्यों ने रात में एक साथ खाना खाया था, जिसके बाद उल्टी-दस्त की शिकायत शुरू हो गई। पांच और आठ साल की दो बच्चियों की इंदौर में मौत हो गई, जबकि 10 वर्षीय तीसरी बच्ची ने छत्तीसगढ़ ले जाते समय इटारसी के सरकारी अस्पताल में दम तोड़ दिया। प्रारंभिक तौर पर मामला फूड पॉइजनिंग का बताया जा रहा है, हालांकि मौत के वास्तविक कारण का खुलासा पोस्टमार्टम और जांच रिपोर्ट के बाद ही होगा।

दाल-चावल, रोटी और सब्जी खाने के बाद बिगड़ी हालत

बच्चियों की मां अमरोतिन के मुताबिक, परिवार ने रात करीब 2 बजे दाल, चावल, रोटी और सब्जी खाई थी। इसके कुछ समय बाद परिवार के सदस्यों को उल्टी-दस्त की शिकायत होने लगी। तीनों बच्चियों की हालत भी तेजी से बिगड़ गई। परिजन दो बच्चियों को बाइक से अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां दोनों को मृत घोषित कर दिया गया।

दो की इंदौर में मौत, तीसरी ने इटारसी में तोड़ा दम

दो बच्चियों की मौत के बाद परिजन उनके शव लेकर एंबुलेंस से मूल निवास छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के छलीगांव जा रहे थे। इसी दौरान 10 वर्षीय तीसरी बच्ची की भी हालत गंभीर हो गई। उसे इटारसी के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।

बताया गया है कि बच्ची की हालत अस्पताल पहुंचने के समय बेहद गंभीर थी। घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल में भी हड़कंप मच गया।

पोस्टमार्टम से खुलेगा मौत का राज

इटारसी थाना प्रभारी सौरभ पांडे के अनुसार, तीनों बच्चियों का पोस्टमार्टम इटारसी अस्पताल में कराया जाएगा। पोस्टमार्टम और अन्य जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

फिलहाल परिवार के सभी सदस्यों के एक साथ खाना खाने के बाद उल्टी-दस्त की शिकायत सामने आने से खाद्य या पानी विषाक्तता की आशंका जताई जा रही है, लेकिन प्रशासन की ओर से अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

8 to 14 November 2026
1 to 7 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन