मुबंई। साउथ सुपरस्टार राम चरण की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘पेद्दि’ बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन कर रही है। रिलीज के महज दो दिनों में फिल्म ने दुनियाभर में 181.8 करोड़ रुपये से अधिक का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है। दर्शकों के शानदार रिस्पॉन्स और पॉजिटिव वर्ड ऑफ माउथ के चलते फिल्म लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है।
हिंदी बेल्ट में भी दिखा जबरदस्त क्रेज
जानकारी अनुसार, फिल्म ने केवल दक्षिण भारत ही नहीं, बल्कि हिंदी भाषी राज्यों में भी शानदार प्रदर्शन किया है। दूसरे दिन कई शहरों में शो हाउसफुल रहे और टिकटों की मांग में लगातार बढ़ोतरी देखी गई। ट्रेड एक्सपर्ट्स के अनुसार फिल्म की कमाई वीकेंड में और तेजी पकड़ सकती है।
राम चरण ने बनाया नया रिकॉर्ड
बता दें ‘आरआरआर’ के बाद ‘पेद्दि’ राम चरण के करियर की दूसरी ऐसी फिल्म बन गई है, जिसने शुरुआती दिनों में 100 करोड़ रुपये से ज्यादा की ओपनिंग दर्ज की है। इसके साथ ही राम चरण उन चुनिंदा भारतीय सितारों की सूची में शामिल हो गए हैं, जिनकी एक से अधिक फिल्मों ने वैश्विक बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ रुपये से अधिक की ओपनिंग हासिल की है।
दमदार स्टारकास्ट बनी फिल्म की ताकत
निर्देशक बुची बाबू सना के निर्देशन में बनी इस फिल्म में राम चरण के साथ जाह्नवी कपूर, शिवा राजकुमार, जगपति बाबू और दिव्येंदु शर्मा अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। कलाकारों के अभिनय को दर्शकों और समीक्षकों दोनों से सराहना मिल रही है।
तकनीकी पक्ष ने भी जीता दिल
वहीं फिल्म का संगीत ऑस्कर विजेता ए.आर. रहमान ने तैयार किया है, जबकि सिनेमैटोग्राफी आर. रत्नावेलु ने संभाली है। भव्य विजुअल्स, दमदार बैकग्राउंड स्कोर और शानदार प्रोडक्शन डिजाइन फिल्म को बड़े स्तर की सिनेमाई प्रस्तुति बनाते हैं।
मेकर्स ने मनाया सफलता का जश्न
फिल्म की सफलता पर मेकर्स ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि ‘पेद्दि’ दो दिनों में 181.8 करोड़ रुपये का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन कर बॉक्स ऑफिस पर राज कर रही है।

