स्कूल-कॉलेज के पास शराब भट्टी खुलने पर लोगों ने किया विरोध

बालाघाट। मोती नगर इलाके में नई शराब भट्टी खोले जाने की तैयारी ने पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बना दिया है। जैसे ही लोगों को इसकी जानकारी मिली, स्थानीय रहवासी और अभिभावक एकजुट होकर विरोध में उतर आए। जिसको लेकर लोगों का कहना है कि जिस जगह शराब भट्टी खोली जा रही है, वहां से महज 100 मीटर के दायरे में स्कूल, कॉलेज, हॉस्टल और IG ऑफिस स्थित हैं। ऐसे में इस स्थान पर शराब दुकान की अनुमति देना नियमों और सामाजिक जिम्मेदारी दोनों पर सवाल खड़े करता है।

सैकड़ों लोग सड़क पर

बता दें विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। जिसमें नगर पालिका अध्यक्ष भारती ठाकुर और उपाध्यक्ष योगेश बिसेन भी मौके पर पहुंचे और लोगों के साथ मिलकर प्रशासन के खिलाफ आवाज उठाई। प्रदर्शनकारियों ने साफ कहा कि किसी भी हालत में यहां शराब भट्टी खुलने नहीं दी जाएगी। वहीं अभिभावकों और स्थानीय नागरिकों ने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों के पास शराब दुकान खुलने से बच्चों और युवाओं पर गलत असर पड़ेगा। उनका मानना है कि इससे इलाके का माहौल बिगड़ सकता है और नशे की प्रवृत्ति बढ़ सकती है।

ज्ञापन देकर लाइसेंस रद्द करने की मांग

प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए शराब भट्टी का लाइसेंस तुरंत रद्द करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांग नहीं मानी गई, तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बिना सही जांच और नियमों का पालन किए इस शराब दुकान को अनुमति दी गई है। अब इस पूरे मामले की जांच की मांग भी तेज हो गई है।

पुलिस तैनात, प्रशासन अलर्ट

स्थिति को देखते हुए इलाके में पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन भी मामले पर नजर बनाए हुए है और किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए सतर्कता बरती जा रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *