Friday, November 6, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending news2 साल बाद फिर बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम, जानें MP में कितने...

2 साल बाद फिर बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम, जानें MP में कितने रूपए बढ़ा पेट्रोल-डीजल?

दिल्ली। देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी कर दी गई है। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल दोनों के दाम ₹3 प्रति लीटर बढ़ा दिए हैं। नई कीमतें 15 मई से लागू हो चुकी हैं। राजधानी दिल्ली में अब पेट्रोल ₹97.77 प्रति लीटर और डीजल ₹90.67 प्रति लीटर मिल रहा है। इसके साथ ही कई शहरों में CNG की कीमतों में भी ₹2 प्रति किलो तक का इजाफा किया गया है। दिल्ली में अब CNG ₹79.09 प्रति किलो हो गई है।

आखिर क्यों बढ़ाए गए दाम?

सरकारी तेल कंपनियों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल यानी क्रूड ऑयल की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं। पश्चिम एशिया में जारी तनाव और ईरान-अमेरिका संघर्ष के कारण ग्लोबल ऑयल सप्लाई प्रभावित हुई है। कुछ महीने पहले तक जहां क्रूड ऑयल लगभग 70 डॉलर प्रति बैरल था, वहीं अब इसकी कीमत 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच चुकी है। इससे तेल कंपनियों पर भारी आर्थिक दबाव बढ़ गया।

कंपनियों को अब भी भारी नुकसान

सूत्रों के मुताबिक, कीमतें बढ़ाने के बाद भी सरकारी तेल कंपनियों को पेट्रोल पर लगभग ₹25 और डीजल पर ₹30 प्रति लीटर तक का नुकसान हो रहा है। बताया जा रहा है कि इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम जैसी कंपनियों को हर महीने करीब ₹30 हजार करोड़ का घाटा उठाना पड़ रहा था।

ईंधन महंगा होने का असर सिर्फ वाहन चलाने वालों तक सीमित नहीं रहेगा। आने वाले दिनों में कई जरूरी चीजों के दाम बढ़ सकते हैं।

इन सेक्टर्स पर दिखेगा सीधा असर

  • ट्रांसपोर्ट महंगा होने से सब्जियां, फल और राशन के दाम बढ़ सकते हैं
  • किसानों की लागत बढ़ेगी क्योंकि ट्रैक्टर और सिंचाई में डीजल का इस्तेमाल होता है
  • बस, ऑटो और स्कूल वाहनों का किराया बढ़ सकता है
  • ऑनलाइन डिलीवरी और लॉजिस्टिक्स कंपनियां भी चार्ज बढ़ा सकती हैं

MP में नए पेट्रोल-डीजल के दाम

नई बढ़ोतरी के बाद मध्य प्रदेश के प्रमुख शहरों में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भी इजाफा हुआ है। जिसमें

  • भोपाल में पेट्रोल लगभग ₹109.62 प्रति लीटर और डीजल ₹94.82 प्रति लीटर पहुंच गया है।
  • इंदौर में पेट्रोल करीब ₹109.71 और डीजल ₹94.95 प्रति लीटर बिक रहा है।
  • ग्वालियर में पेट्रोल ₹109.85 और डीजल ₹95.10 प्रति लीटर के आसपास पहुंच गया।
  • जबलपुर में पेट्रोल ₹109.40 और डीजल ₹94.65 प्रति लीटर हो गया है।

मध्य प्रदेश में पहले से ही देश के कई राज्यों की तुलना में पेट्रोल-डीजल महंगा है, क्योंकि यहां वैट और अन्य टैक्स की दरें ज्यादा हैं। ऐसे में नई बढ़ोतरी का असर आम लोगों, ट्रांसपोर्ट और किसानों पर और ज्यादा देखने को मिल सकता है।

राजनीतिक बयानबाजी भी तेज

वहीं ईंधन कीमतों में बढ़ोतरी के बाद राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आने लगी हैं। विपक्ष ने सरकार को महंगाई के मुद्दे पर घेरा है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि इसका सीधा बोझ आम जनता पर पड़ेगा और आने वाले समय में और बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।

चुनाव से पहले मिली थी राहत

गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव 2024 से पहले सरकार ने पेट्रोल-डीजल पर ₹2 प्रति लीटर की कटौती की थी। इसके बाद करीब दो वर्षों तक कीमतों में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ था।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

1 to 7 November 2026
25 to 31 October 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन