नई दिल्ली: अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज की तैयारियों में जुटी टीम इंडिया के सपोर्ट स्टाफ से एक अहम सदस्य अलग होने वाला है। भारतीय टीम के फिजियो कमलेश जैन ने अपनी जिम्मेदारी छोड़ने का फैसला किया है। हालांकि इस्तीफा देने के बाद भी वह फिलहाल टीम के साथ बने हुए हैं।
भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज 13 सितंबर से शुरू होनी है। जैन इस सीरीज के लिए टीम के साथ दिल्ली में मौजूद हैं।
तीन महीने का Notice Period कर रहे पूरा
कमलेश जैन अपना इस्तीफा BCCI को सौंप चुके हैं, लेकिन बोर्ड ने अभी उन्हें रिलीज नहीं किया है। वह फिलहाल तीन महीने का Notice Period पूरा कर रहे हैं।
अगर वह पूरा Notice Period टीम के साथ रहते हैं तो न्यूजीलैंड दौरे तक अपनी जिम्मेदारी संभाल सकते हैं। उनका कार्यकाल दिसंबर की शुरुआत में खत्म होने की संभावना है। हालांकि BCCI जरूरत के हिसाब से उन्हें इससे पहले भी रिलीज कर सकता है।
यह भी पढ़े: 47 की उम्र में ताहिर की फिरकी ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड: बेटे की एक इच्छा ने बढ़ाया करियर
नौकरी नहीं, लगातार दौरे बने वजह
जैन के इस्तीफे के पीछे टीम या बोर्ड के साथ किसी विवाद की बात सामने नहीं आई है। रिपोर्ट के अनुसार, लगातार दौरों के कारण वह अपने परिवार को पर्याप्त समय नहीं दे पा रहे थे।
करीब साढ़े चार साल तक भारतीय टीम के साथ काम करने के बाद उन्होंने अब परिवार को ज्यादा समय देने के लिए यह फैसला लिया है। पिछले कुछ समय से टीम इंडिया का Schedule काफी व्यस्त रहा है और खिलाड़ियों के साथ सपोर्ट स्टाफ को भी लगातार यात्राएं करनी पड़ रही हैं।
पहले KKR के साथ भी कर चुके हैं काम
कमलेश जैन ने भारतीय टीम में नितिन पटेल की जगह फिजियो की जिम्मेदारी संभाली थी। इससे पहले वह IPL में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के साथ भी काम कर चुके हैं।
हाल के दिनों में टीम इंडिया के सपोर्ट स्टाफ में यह अकेला बदलाव नहीं है। इससे पहले असिस्टेंट कोच रेयान टेन डोशेट और फील्डिंग कोच टी दिलीप भी टीम से अलग हुए हैं। अब जैन के फैसले के बाद सपोर्ट स्टाफ में एक और जगह खाली होने वाली है।

