नई दिल्ली: भाजपा का राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष बनाए जाने के बाद केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल की सरकार में भूमिका को लेकर चल रही अटकलों के बीच उनका आगामी अमेरिका दौरा महत्वपूर्ण माना जा रहा है। गोयल सितंबर के आखिर में अमेरिका जाएंगे और 30 सितंबर से मिलवॉकी में शुरू होने वाली G20 व्यापार मंत्रियों की बैठक में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि से होगी द्विपक्षीय वार्ता
अमेरिका दौरे के दौरान पीयूष गोयल की अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जैमीसन ग्रीर के साथ द्विपक्षीय बैठक भी प्रस्तावित है। दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश से जुड़े मुद्दों पर बातचीत होने की संभावना है।
ये भी पढ़े मोदी मंत्रिमंडल विस्तार की तैयारी: युवाओं और महिलाओं को मिल सकती है ज्यादा जगह
राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष बनने के बाद भूमिका पर उठे थे सवाल
भाजपा संगठन में बड़ी जिम्मेदारी मिलने के बाद यह चर्चा शुरू हो गई थी कि क्या पीयूष गोयल वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय की जिम्मेदारी संभालते रहेंगे। ऐसे में अंतरराष्ट्रीय व्यापार के अहम मंच पर वाणिज्य मंत्री के तौर पर उनका भारत का प्रतिनिधित्व करना महत्वपूर्ण संकेत माना जा रहा है। उनकी आधिकारिक प्रोफाइल में भी दोनों जिम्मेदारियों का उल्लेख है।
21 दिनों में निर्यात 2.20 लाख करोड़ के पार
सूत्रों के मुताबिक, 21 अगस्त 2026 तक भारत का वस्तु निर्यात पिछले साल की समान अवधि की तुलना में 15 प्रतिशत से अधिक बढ़कर 2.20 लाख करोड़ रुपए के पार पहुंच गया।
भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर नजर
पीयूष गोयल का अमेरिका दौरा भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के लिहाज से भी अहम होगा। इससे पहले जून में उनकी जैमीसन ग्रीर के साथ वार्ता हुई थी। G20 बैठक के दौरान गोयल की अन्य देशों के व्यापार मंत्रियों के साथ भी द्विपक्षीय बैठकें होने की संभावना है।

