Wednesday, November 11, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsप्लास्टिक प्रदूषण: अंटार्कटिका की मिट्टी में पहली बार मिले नैनोप्लास्टिक

प्लास्टिक प्रदूषण: अंटार्कटिका की मिट्टी में पहली बार मिले नैनोप्लास्टिक

किशन चौबे/भोपाल: दुनिया का सबसे साफ और दूरस्थ क्षेत्र माने जाने वाला अंटार्कटिका भी अब प्लास्टिक प्रदूषण से अछूता नहीं रहा। वैज्ञानिकों ने पहली बार अंटार्कटिका की मिट्टी में नैनोप्लास्टिक कणों की मौजूदगी दर्ज की है। यह अध्ययन वैज्ञानिक पत्रिका में प्रकाशित हुआ है और इसे वैश्विक प्लास्टिक प्रदूषण के बढ़ते खतरे का गंभीर संकेत माना जा रहा है।

नैनोप्लास्टिक प्लास्टिक के एक माइक्रोमीटर से भी छोटे कण होते हैं। ये इतने सूक्ष्म होते हैं कि हवा, पानी और मिट्टी के जरिए आसानी से फैल सकते हैं तथा जीवों की कोशिकाओं के भीतर तक पहुंचने की क्षमता रखते हैं। इसलिए इन्हें माइक्रोप्लास्टिक से भी अधिक खतरनाक माना जाता है।

शोधकर्ताओं ने जनवरी 2023 में अंटार्कटिका की मैकमर्डो ड्राई वैलीज के टेलर और राइट वैली क्षेत्रों से मिट्टी के नमूने एकत्र किए। अत्याधुनिक तकनीक की मदद से जांच में 13 में से आधे से अधिक ऊपरी मिट्टी के नमूनों और कुछ गहरे नमूनों में भी नैनोप्लास्टिक मिले। वैज्ञानिकों ने पॉलीप्रोपाइलीन, पॉलीइथिलीन, पॉलीइथिलीन टेरेफ्थेलेट (PET), पॉलीस्टाइरीन और पीवीसी जैसे कई प्रकार के प्लास्टिक की पहचान की। टायरों से निकलने वाले सूक्ष्म प्लास्टिक कण भी बड़ी मात्रा में पाए गए।

शोध के अनुसार, इन कणों के पीछे स्थानीय और दूरस्थ दोनों स्रोत जिम्मेदार हो सकते हैं। मैकमर्डो स्टेशन और स्कॉट बेस जैसी रिसर्च सुविधाओं से निकलने वाला प्लास्टिक प्रदूषण स्थानीय स्रोत हो सकता है, जबकि वायुमंडलीय हवाएं हजारों किलोमीटर दूर से भी नैनोप्लास्टिक कण अंटार्कटिका तक पहुंचा सकती हैं। पिघलती समुद्री बर्फ भी पहले से जमा प्लास्टिक को दोबारा वातावरण में छोड़ सकती है।

वैज्ञानिकों का कहना है कि यह खोज स्पष्ट करती है कि प्लास्टिक प्रदूषण अब केवल शहरों, नदियों और महासागरों तक सीमित नहीं है। पृथ्वी के सबसे दूरस्थ और संवेदनशील पारिस्थितिकी तंत्र भी इसकी चपेट में आ चुके हैं। विशेषज्ञों ने बेहतर कचरा प्रबंधन, रिसर्च स्टेशनों पर प्लास्टिक के सीमित उपयोग और नियमित निगरानी की आवश्यकता पर जोर दिया है, ताकि भविष्य में इस बढ़ते प्रदूषण को नियंत्रित किया जा सके।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

8 to 14 November 2026
1 to 7 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन