Tuesday, November 10, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending news20 जून को मनाया जाएगा पीएम किसान उत्सव दिवस, 9.5 करोड़ किसानों...

20 जून को मनाया जाएगा पीएम किसान उत्सव दिवस, 9.5 करोड़ किसानों के खातों में पहुंचेगी 23वीं किस्त

हुगली। देशभर के किसानों के लिए 20 जून का दिन बेहद खास होने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के तारकेश्वर से पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त जारी करेंगे। इस अवसर को ‘पीएम किसान उत्सव दिवस’ के रूप में मनाया जाएगा, जिसमें देशभर के करोड़ों किसान डिजिटल माध्यम से जुड़ेंगे।

किसानों के खातों में पहुंचेगी ₹18,800 करोड़ से अधिक की राशि

बता दें प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत इस बार देश के लगभग 9.5 करोड़ किसानों के बैंक खातों में ₹18,800 करोड़ से अधिक की राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से भेजी जाएगी। योजना के तहत अब तक 22 किस्तों में किसानों को ₹4.28 लाख करोड़ से अधिक की सहायता राशि प्रदान की जा चुकी है।

मध्यप्रदेश के 81 लाख किसानों को मिलेगा लाभ

वहीं मध्यप्रदेश में इस बार 81 लाख 67 हजार 213 किसानों के खातों में ₹1,634.88 करोड़ की राशि ट्रांसफर की जाएगी। अब तक राज्य के किसानों को 22 किस्तों के माध्यम से ₹33,721 करोड़ से अधिक की आर्थिक सहायता मिल चुकी है।

पश्चिम बंगाल के किसानों को भी मिलेगा बड़ा फायदा

इसी के साथ ही पश्चिम बंगाल में इस बार 44 लाख 42 हजार किसानों के खातों में ₹885 करोड़ की राशि भेजी जाएगी। लंबे समय तक राज्य में पात्र किसानों की सूची समय पर उपलब्ध नहीं होने के कारण कई किसानों को योजना का पूरा लाभ नहीं मिल पाया था, लेकिन अब बड़ी संख्या में किसानों को इसका फायदा मिलेगा।

देशभर में होंगे हजारों कार्यक्रम

जानकारी अनुसार, पीएम किसान उत्सव दिवस के अवसर पर देश के 731 कृषि विज्ञान केंद्रों (KVK), 113 ICAR संस्थानों, कृषि विश्वविद्यालयों, जिला मुख्यालयों, ब्लॉक स्तर, ग्राम पंचायतों, मंडियों, पैक्स (PACS) केंद्रों और किसान उत्पादक संगठनों (FPOs) में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

46 लाख किसान सुनेंगे प्रधानमंत्री का संबोधन

देशभर से लगभग 46 लाख किसान विभिन्न कार्यक्रम स्थलों पर एकत्र होकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लाइव संबोधन सुनेंगे। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री, राज्य सरकारों के मंत्री, मुख्यमंत्री और कृषि विशेषज्ञ भी भाग लेंगे।

खरीफ सीजन से पहले किसानों को मिलेगा बड़ा संबल

खरीफ फसलों की बुवाई शुरू होने से पहले किसानों के खातों में आने वाली यह राशि खेती-किसानी के खर्चों को पूरा करने में मददगार साबित होगी। सरकार का मानना है कि छोटे और सीमांत किसानों के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना आर्थिक सुरक्षा का मजबूत आधार बन चुकी है।

केंद्र सरकार ने देशभर के किसान भाइयों और बहनों से अपील की है कि वे अपने नजदीकी आयोजन स्थल पर पहुंचकर पीएम किसान उत्सव दिवस कार्यक्रम का हिस्सा बनें और प्रधानमंत्री के संबोधन को सुनें।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

8 to 14 November 2026
1 to 7 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन