Monday, November 16, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsPM मोदी आसियान समिट के लिए फिलीपींस पहुंचे, कल राष्ट्रपति ट्रम्प से...

PM मोदी आसियान समिट के लिए फिलीपींस पहुंचे, कल राष्ट्रपति ट्रम्प से करेंगे मुलाकात

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन दिवसीय दौरे पर फिलीपींस की राजधानी मनीला पहुंच गए हैं। एयरपोर्ट पर उनका फूल-मालाओं के साथ स्वागत किया गया। इस दौरे के दौरान पीएम मोदी 23वें आसियान-भारत समिट और 21वें ईस्ट एशिया समिट में हिस्सा लेंगे। इसके साथ ही उनकी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प से मुलाकात भी प्रस्तावित है।

आसियान-भारत समिट में शामिल होंगे पीएम मोदी

पीएम मोदी 17 नवंबर को होने वाले आसियान-भारत समिट में शामिल होंगे। इसके अलावा 21वें ईस्ट एशिया समिट में भी हिस्सा लेंगे। दौरे के दौरान क्वाड देशों की बैठक में भारत और अमेरिका के साथ जापान और ऑस्ट्रेलिया के नेता भी शामिल होंगे।

इस बैठक में हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सहयोग, सुरक्षा और क्षेत्रीय स्थिरता जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा होगी। पीएम मोदी और राष्ट्रपति ट्रम्प की मुलाकात पर भी सभी की नजरें रहेंगी।

क्वाड में भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया शामिल हैं

क्वाड में भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया शामिल हैं। इसकी शुरुआत 2007 में हुई थी, लेकिन चीन की नाराजगी की आशंका के चलते एक साल बाद इसकी बैठकें बंद हो गईं।

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने 2017 में अपने पहले कार्यकाल के दौरान इसे फिर से शुरू किया। इसका मकसद हिंद-प्रशांत क्षेत्र में चीन के बढ़ते प्रभाव का मुकाबला करना और चारों देशों के बीच सहयोग बढ़ाना है।

मनीला में होने वाली यह बैठक करीब दो साल बाद चारों देशों के नेताओं की पहली आमने-सामने बैठक होगी। ट्रम्प के दूसरे कार्यकाल में भी यह पहली क्वाड लीडर्स मीटिंग है। चीन के बढ़ते प्रभाव पर भी इस बैठक में बात हो सकती है।

भारत की एक्ट ईस्ट पॉलिसी का बड़ा साझेदार है आसियान

भारत के लिए आसियान दक्षिण-पूर्व एशिया के देशों के साथ व्यापार और सुरक्षा बढ़ाने का बड़ा जरिया है। भारत की ‘एक्ट ईस्ट पॉलिसी’ का मकसद भी इन देशों के साथ रिश्ते मजबूत करना है।

भारत चाहता है कि इन देशों के साथ व्यापार बढ़े, सड़क और समुद्री रास्ते बेहतर हों और सुरक्षा के मुद्दों पर मिलकर काम किया जाए। हिंद-प्रशांत इलाके में शांति बनाए रखना भी भारत की प्राथमिकता है।

भारत और आसियान ने 2026 को समुद्री सहयोग वर्ष के रूप में मनाने का फैसला किया है। साल 2027 में दोनों के बीच बातचीत शुरू होने के 35 साल और मजबूत रणनीतिक साझेदारी के 5 साल पूरे होंगे।

ये भी पढ़ें: जय शाह लगातार दूसरी बार निर्विरोध ICC चेयरमैन चुने गए, पद संभालने वाले 5वें भारतीय

समिट में 19 देशों के नेता होंगे शामिल

17 नवंबर को होने वाली भारत-आसियान समिट में भारत और आसियान के 11 सदस्य देश शामिल होंगे। इसमें दोनों पक्ष अपने रिश्तों की समीक्षा करेंगे।

साथ ही 2026 से 2030 तक के लिए बने प्लान पर चर्चा करेंगे। इसमें व्यापार, सुरक्षा और दूसरे क्षेत्रों में साथ काम करने की योजनाएं शामिल हैं।

इसी दिन ईस्ट एशिया समिट भी होगी। इसमें आसियान के 11 देशों के अलावा भारत, चीन, जापान, दक्षिण कोरिया, अमेरिका, रूस, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड शामिल होंगे।

यानी इस बैठक में कुल 19 देश हिस्सा लेंगे। इसमें एशिया और दुनिया से जुड़े बड़े मुद्दों पर बात होगी।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

15 to 21 November 2026
8 to 14 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन