नई दिल्ली। भारतीय राजनीति में एक नया अध्याय जुड़ गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। 9 जून 2026 को पीएम मोदी ने प्रधानमंत्री पद पर 4398 दिन पूरे करते हुए भारत के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के 4397 दिनों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।
बता दें प्रधानमंत्री मोदी ने पहली बार 26 मई 2014 को देश के प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली थी। इसके बाद 2019 और फिर 2024 में लगातार तीसरी बार जनता का जनादेश हासिल कर उन्होंने सत्ता में वापसी की। अब 12 साल पूरे होने के साथ उनका नाम भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में एक नई उपलब्धि के रूप में दर्ज हो गया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वतंत्र भारत के उन चुनिंदा नेताओं में शामिल हो गए हैं जिन्हें लगातार तीन बार देश का नेतृत्व करने का अवसर मिला। यह उपलब्धि केवल चुनावी जीत नहीं, बल्कि लंबे समय तक जनता के विश्वास को बनाए रखने का प्रतीक है।
शक्ति प्रदर्शन की तैयारी
प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 10 जून को NDA शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों और सहयोगी दलों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में सरकार की उपलब्धियों, विकास योजनाओं और भविष्य की रणनीति पर चर्चा होगी।
सूत्रों के अनुसार, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री और टीडीपी प्रमुख एन. चंद्रबाबू नायडू एक विशेष प्रस्ताव पेश करेंगे, जिसमें पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार द्वारा किए गए प्रमुख कार्यों और उपलब्धियों का उल्लेख होगा।
नेहरू और मोदी: रिकॉर्ड की तुलना
भारत के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने 13 मई 1952 से लेकर 1964 तक लगातार प्रधानमंत्री के रूप में कार्य किया था। निर्वाचित प्रधानमंत्री के तौर पर उनका कार्यकाल 4397 दिनों का रहा।
वहीं नरेंद्र मोदी ने 26 मई 2014 से लेकर 9 जून 2026 तक 4398 दिन पूरे कर यह रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। इस उपलब्धि के साथ वे भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए हैं।
बीजेपी ने जारी किया विशेष वीडियो
प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्ष पूरे होने पर भारतीय जनता पार्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर विशेष वीडियो जारी किया है। पार्टी नेताओं और समर्थकों ने इसे ‘नए भारत के विकास का दशक’ बताते हुए प्रधानमंत्री को बधाई दी है।

