Thursday, September 17, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsसेशेल्स दौरे पर पीएम मोदी: संसद को करेंगे संबोधित; सेशेल्स में हर...

सेशेल्स दौरे पर पीएम मोदी: संसद को करेंगे संबोधित; सेशेल्स में हर आठवां व्यक्ति भारतीय मूल का

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को तीन दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर सेशेल्स के लिए रवाना हो गए। वह 27 से 29 जून तक सेशेल्स में रहेंगे। प्रधानमंत्री यह यात्रा सेशेल्स के राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी के निमंत्रण पर कर रहे हैं।

इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी सेशेल्स की स्वतंत्रता के 50 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित स्वर्ण जयंती समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। समारोह की सैन्य परेड में भारतीय सशस्त्र बलों की एक टुकड़ी और भारतीय नौसेना के दो युद्धपोत भी हिस्सा लेंगे, जो दोनों देशों के मजबूत रक्षा सहयोग का प्रतीक होंगे।

प्रधानमंत्री मोदी राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी के साथ द्विपक्षीय संबंधों, हिंद महासागर क्षेत्र की समुद्री सुरक्षा तथा क्षेत्रीय एवं वैश्विक मुद्दों पर विस्तृत चर्चा करेंगे। इसके अलावा वह सेशेल्स की राष्ट्रीय विधानसभा को संबोधित करेंगे और वहां रह रहे भारतीय समुदाय के लोगों से भी मुलाकात करेंगे।

प्रधानमंत्री मोदी का पिछले 11 वर्षों में यह दूसरा सेशेल्स दौरा है। इससे पहले उन्होंने वर्ष 2015 में इस द्वीपीय देश की यात्रा की थी। करीब 1.35 लाख आबादी वाले सेशेल्स में लगभग 12 हजार भारतीय मूल के लोग रहते हैं, जो कुल आबादी का करीब 8 से 9 प्रतिशत हैं। यही कारण है कि दोनों देशों के बीच ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और सामाजिक संबंध बेहद मजबूत हैं।

इंदिरा गांधी के बाद दूसरे भारतीय प्रधानमंत्री

सेशेल्स की स्वतंत्रता के वर्ष 1976 में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी वहां गई थीं। उन्होंने 1981 में भी इस देश का दौरा किया था। इसके बाद लगभग 34 वर्षों तक कोई भारतीय प्रधानमंत्री सेशेल्स नहीं गया। वर्ष 2015 में नरेंद्र मोदी इस परंपरा को आगे बढ़ाते हुए सेशेल्स का दौरा करने वाले दूसरे भारतीय प्रधानमंत्री बने।

हिंद महासागर में रणनीतिक साझेदारी पर रहेगा फोकस

प्रधानमंत्री मोदी की 2015 की यात्रा का प्रमुख उद्देश्य हिंद महासागर क्षेत्र में भारत की रणनीतिक मौजूदगी और समुद्री सुरक्षा सहयोग को मजबूत करना था। उसी दौरान भारत ने सेशेल्स को दूसरा डोर्नियर समुद्री निगरानी विमान देने की घोषणा की थी। साथ ही भारत की सहायता से विकसित तटीय निगरानी रडार नेटवर्क का उद्घाटन भी किया गया था, जिससे समुद्री निगरानी और तटीय सुरक्षा को नई मजबूती मिली।

विशेषज्ञों के अनुसार, हिंद महासागर क्षेत्र में चीन के बढ़ते प्रभाव के बीच भारत और सेशेल्स के बीच रणनीतिक साझेदारी लगातार महत्वपूर्ण होती जा रही है। प्रधानमंत्री मोदी की यह यात्रा भारत की ‘पड़ोसी पहले’ (Neighbourhood First) और ‘सागर’ (Security and Growth for All in the Region) नीति को और मजबूती देने वाली मानी जा रही है।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

13 to 19 September 2026
6 to 12 September 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन